शहर सरकार साइकिल पर आएगी आपके द्वार, वार्डों में मुनादी- समस्या बताने आएं

शहर सरकार 27 जनवरी से साइकिल पर समस्याएं दूर करने सड़क पर उतरेगी। 27 जनवरी से 27 फरवरी तक शहर सरकार आपके द्वार अभियान के तहत हर जोन में तीन-तीन दिन शिविर लगाकर महापौर और कमिश्नर के साथ पूरा अमला कैंप करेगा। शिविर में ऑन द स्पॉट लोगों की समस्याएं दूर करने के प्रयास होंगे। ज्यादा से ज्यादा लोग पहुंचे इसलिए हर वार्ड में मुनादी करायी जाएगी। लोगों से कहा जाएगा कि वे अपनी समस्या दूर करवाने आएं।

इस अभियान के दौरान महापौर से लेकर निगम कमिश्नर और क्लर्क, इंजीनियर और चपरासी तक सभी साइकिल से ही दफ्तर आएंगे। एमआईसी मेंबर और पार्षद निगम और जोन ऑफिस साइिकल से पहुंचेंगे। शहर के लोगों से सीधे कनेक्ट होने के साथ पर्यावरण जागरुकता का संदेश दिया जाएगा। शहर सरकार अभियान के दौरान सभी जनप्रतिनिधि वार्डों का दौरा भी साइकिल से करेंगे। अफसरों को भले ही वार्ड के एक कोने से दूसरे कोने क्यों न जाना पड़े, पूरा दौरा साइकिल से ही करना होगा।

जब-जब जिस जोन में शिविर लगेगा तब-तब पूरा अमला साइकिल से निगम मुख्यालय पहुंचेगा और वहां से सिटी बस से सभी शिविर स्थल पहुंचेंगे। आस-पास वाले जोन में निगम के अधिकारी कर्मचारी सीधे साइकिल से भी पहुंच सकेंगे। राजधानी में शहर सरकार का साइकिल पर चलने का यह पहला प्रयोग है। बताया जा रहा है कि इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है।

पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम को देखते हुए भी सार्वजनिक यातायात के साधनों के ज्यादा से ज्यादा उपयोग का बढ़ावा देना भी मकसद है। जोन स्तर पर लगाए जाने वाले शिविर में निगम का पूरा अमला मौजूद रहेगा। ताकि वहीं लोगों की हर तरह की समस्या दूर करने की पहल शुरू की जा सके।

ज्यादा से ज्यादा लोग इस शिविर में आए, इसके लिए हर वार्ड में मुनादी की जाएगी। दो-तीन दिन मुनादी के जरिये बताया जाएगा कि उनके वार्ड का शिविर कब और कितने बजे तक लगेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर महापौर एजाज ढेबर ने शिविर लगाने का निर्णय लिया है। महापौर ने अब पूरे अभियान के दौरान सरकारी गाड़ियां का उपयोग न करने और पूरे निगम अमले को महीनेभर साइकिल चलाने के लिए प्रेरित करने का निर्णय लिया है।

इन विभागों से जुड़ी समस्या की जाएगी दूर

पीने के पानी से संबंधित शिकायत दूर करने के लिए जल विभाग का अमला मौजूद रहेगा। इसी तरह निर्माण व विकास कार्य से संबंधित समस्या के लिए लोक कर्म विभाग, सफाई के लिए स्वास्थ्य विभाग, करारोपण/नामांतरण से संबंधित समस्या के लिए राजस्व विभाग, राशन कार्ड की समस्या लेकर आने वालों के लिए खाद्य विभाग की टीम रहेगी।

श्रम/पंजीयन/आवास, महिला स्वसहायता समूह के अन्य उत्पाद, स्ट्रीट लाइट से सम्बंधित शिकायतें दूर की जाएंगी। निगम मुख्यालय व सम्बंधित जोन के सभी अधिकारी तथा कर्मचारी शिविर में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक मौजूद रहेंगे।

गंदगी की शिकायत तुरंत जाएगी टीम

शिविर में जोन स्वास्थ्य अधिकारी अपनी सफाई गैंग के साथ उपस्थित रहेंगे। सफाई से संबंधित शिकायत मिलते ही उसी समय टीम भेजकर गंदगी दूर की जाएगी। बिजली विभाग की टीमें भेजकर इससे संबंधी समस्या उसी समय दूर करेंगे।

यह एक बड़ी पहल है। हम पूरे महीने लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं और शिकायतें दूर करेंगे। साथ ही पूरे महीने सरकारी गाड़ियां का उपयोग न करते हुए पब्लिक ट्रांसपोर्ट और साइकिल से आना-जाना करेंगे और लोगों को प्रेरित करेंगे।

एजाज ढेबर, महापौर रायपुर



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
City government will come on bicycle at your door, Munadi in wards- come to tell the problem


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/city-government-will-come-on-bicycle-at-your-door-munadi-in-wards-come-to-tell-the-problem-128107558.html

Post a Comment

और नया पुराने