उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड (सीएसआईडीसी) आम लोगों से निजी जमीन की खरीदी करेगी। जो लोग अपनी जमीन देंगे, उन्हें बदले में उपयुक्त जगहों पर जहां सीएसआईडीसी की जमीन खाली है वहां पर प्लॉट का आवंटन किया जाएगा। नए नियम के तहत रायपुर समेत सभी जिलों में जमीन की खरीदी के लिए आवेदन मंगाए गए हैं। छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए ही यह प्रक्रिया शुरू की गई है।
अफसरों का दावा है कि इससे कम जमीन पर उद्योग लगाने वालों को बड़ा फायदा होगा। एक रियायती कीमत में ऐसे लोगों को जमीन उपलब्ध कराई जा सकेगी। औद्योगिक कामों के लिए आपसी सहमति से निजी जमीन खरीदी जाएगी। अफसरों का दावा है कि नए साल में दर्जनों लोगों ने इसमें दिलचस्पी भी दिखाई है।
उद्योग विभाग के अपर संचालक ने बताया कि जो लोग अपनी जमीन बेचता चाहते हैं, वे डिटेल प्रस्ताव के साथ कार्यालयीन समय में सुबह 11 से शाम 5 बजे तक महाप्रबंधक (भू-अर्जन) सीएसआईडीसी प्रथम तल, उद्योग भवन, तेलीबांधा में संपर्क कर सकते हैं। इस संबंध में सभी तरह की जानकारी सीएसआईडीसी की वेबसाइट www.csidc.in पर अपलोड कर दी गई है। विभाग के पास कहां पर जमीन खाली है उसकी जानकारी भी इसी वेबसाइट में अपलोड की गई है।
उद्योगों में प्रोडक्शन 70 फीसदी से ज्यादा
कोरोना काल के बाद उद्योगों में प्रोडक्शन 70 फीसदी से ज्यादा बढ़ गया है। पिछले साल मार्च से जुलाई-अगस्त तक फैक्ट्रियों में केवल 30 से 50 फीसदी तक का ही प्रोडक्शन हो रहा था। यही वजह है कि उद्योगों के कामकाज की रफ्तार तेज होने के बाद ही नए उद्योगों की स्थापना पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इससे रायपुर समेत राज्यभर के जिलों के छोटे-बड़े उद्योगपतियों के साथ ही आम लोग को भी जमीन बेचने में राहत मिलेगी।
निरस्त किए पुराने 563 आवेदन
सीएसआईडीसी की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार जमीन खरीदी या बिक्री के लिए लगातार आवेदन की प्रक्रिया जारी है। विभाग से जमीन खरीदने के लिए 1023 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें 253 को प्लॉट अलॉटमेंट जारी कर दिया गया है। 24 आवेदनों में अभी प्रक्रिया जारी है और 563 आवेदन निरस्त किए जा चुके हैं। अब 2021 में नए सिरे से आवेदन मंगाए गए हैं। इन आवेदनों के आधार पर ही अलॉटमेंट के आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/csidc-to-buy-land-for-new-industries-people-can-also-give-plot-128107623.html
एक टिप्पणी भेजें