16 दिन के जुड़वा बच्चों के साथ क्वारेंटाइन थी मां, तबीयत बिगड़ी, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

सरायपाली ब्लॉक के कलेंडा स्थित क्वारेंटाइन सेंटर में रखी गई महिला की बुधवार को मौत हो गई। सुबह उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला को 24 मई को इस सेंटर में क्वारेंटाइन किया गया था। तबियत खराब होने पर उसे एबुंलेंस 108 के जरिए महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली ले जाया गया। जहां मौजूद डॉक्टर ने जांच बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सरायपाली बीएमओ डॉ अमृत रोहेल्डकर ने बताया कि महिला को बहुत सी बीमारी थी। उसके फेफड़े में पानी भर गया था और उसे पहले से ही सिकलिन की बीमारी थी। यही नहीं महिला की उम्र करीब 33 साल थी और वो हाई रिस्क मदर थी। उसने हाल ही में दो जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था और पहले से ही तीन बच्चे हैं। इसलिए शुरुआत में ही चिकित्सकों ने उसे होम आइसोलेशन के लिए एडवाइज जारी किया था। इधर, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि उसमें किसी भी तरह के कोरोना संबंधी लक्षण नहीं थे, फिर भी उसका आरटीपीसीआर सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है।
शाम 6 बजे टीम गई तो स्वस्थ थी महिला
बीएमओ सरायपाली ने बताया कि क्वारेंटाइन सेंटर में महिला की रोजाना पूरी जांच की जा रही थी। इस दौरान महिला ने कभी भी स्वास्थ्य संबंधी कोई शिकायत नहीं की। मंगलवार की शाम 6 बजे भी जब टीम पहुंची तो वह पूरी तरह से स्वस्थ थी।

24 मई से बच्चों के साथ क्वारेंटाइन थी महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला सारंगढ़ निवासी है और उसने रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में 18 मई को स्वस्थ जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। इसके बाद वह अपने माता-पिता के साथ सरायपाली विकासखंड के ग्राम कलेंडा पहुंची थी, जहां 24 मई से वह स्वेच्छा से हाईस्कूल स्थित क्वारेंटाइन सेंटर में रह रही थी। क्वारेंटाइन सेंटर के नोडल अफसर एलके चौहान ने बताया कि महिला और उसके परिजनों को होम क्वारेंटाइन पर रहने के लिए कहा गया था। पर उन्होंने अत्यंत गरीब परिवार और घर पर सुविधा नहीं होने के कारण क्वारेंटाइन सेंटर पर रहने की इच्छा जाहिर की थी।

नाना-नानी कर रहे बच्चों की देखरेख
महिला के जुड़वा बच्चों की देखभाल फिलहाल उसके नाना-नानी कर रहे हैं। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम भी उनकी पूरी मदद कर रही है। परिवार की जानकारी भी लगातार ली जा रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सरायपाली के कलेंडा स्थित क्वारेंटाइन सेंटर में नवजात बच्चों के साथ मौजूद परिजन।


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/mahasamund/news/mother-was-quarantine-with-16-day-old-twins-health-deteriorated-died-before-reaching-hospital-127371499.html

Post a Comment

और नया पुराने