कस्बे में एनएच-27 से सटे तेंदूपत्ता गोदाम में राजफेड की ओर से सीताबाड़ी सहकारी समिति के सहयोग से समर्थन मूल्य पर गेहूं, चना एवं सरसों की तुलाई की जा रही है। तुलाई केंद्र पर कभी बारदाने की कमी, कभी जिंसों का नियमित उठाव नहीं होने से बार-बार तुलाई बंद होती रहती है।
वहीं मौसम खराब होने से केंद्र पर जिंस लेकर पहुंचने वाले किसानों की चिंता बढ़ रही है। बुधवार को भी समर्थन मूल्य खरीद केंद्र पर जिंसों का उठाव नहीं होने से जगह की कमी के चलते कर्मचारियों ने तुलाई बंद कर दी। मौसम खराब होने से तुलाई के बाद खुले में रखी जिंस खराब होने की आशंका भी बढ़ गई है।
मोबाइल पर संदेश मिलने के बाद 36 से अधिक किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में जिंस भरकर केंद्र पर आए, लेकिन तुलाई बंद होने से दिनभर एनएच-27 की साइड में ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर खड़े रहे। तौल केंद्र प्रभारी शशिकांत शर्मा ने बताया कि तुलाई के बाद करीब साढ़े तीन हज़ार क्विंटल गेहूं, चना एवं सरसों खुले में रखे हुए हैं। मौसम खराब होने की चेतावनी जारी होने एवं जिंसों का नियमित उठाव नहीं होने की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जब तक ठेकेदार तुलाई केंद्र से जिंसों का उठाव नहीं करता, तब तक केंद्र पर तुलाई बंद रहेगी। केंद्र की स्थिति से तहसीलदार को अवगत करा दिया है।
तहसीलदार हरिप्रसाद गुप्ता ने बताया कि समर्थन मूल्य खरीद केंद्र पर लेबर की कमी होने से जिंसों का नियमित उठाव नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में ठेकेदार से बात कर जल्द ही जिंसों का उठाव करने को कहा जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raigarh/devri/news/farmers-upset-due-to-non-regular-lifting-of-commodities-and-closure-of-weighing-127373056.html
एक टिप्पणी भेजें