कोरोना साथ लाए थे मुंबई से,नई जिंदगी लेकर लौटे घर

दो बार आरटीपीसीआर रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद जिले के लैलूंगा और धरमजयगढ़ ब्लॉक के 6 कोविड मरीजों की बुधवार शाम अस्पताल से छुट्‌टी दे दी गई। जिले में पहली बार मरीज स्वस्थ होकर लौटे हैं। डॉक्टर्स और मेडिकल स्टाफ ने अस्पताल के बाहर ताली बजाकर इन लोगों को विदा किया। घर लौट कर ये मरीज 7 दिन तक होम आइसोलेशन में रहेंगे। अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों की जांच के लिए सैंपल भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट्स देखकर उन्हें भी डिस्चार्ज किया जा सकता है।
कोराना संक्रमित मरीजों में 18 मई को लैलूंगा ब्लाक के सोनाजोरी और तोलमा के दो मरीज भर्ती किए गए थे। इसके साथ ही जिला पंचायत के बालिका हास्टल में क्वारेंटाइन धरमजयगढ़ के मरीजों को 19 व 20 मई को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद कोविड-19 हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। इनकी 26 मई को रिसैम्पलिंग कराई गई थी। जिसमें सभी संक्रमित पाए गए। इसके बाद कोविड-19 में मरीजों की देखभाल कर रहे चिकित्सकों ने सोमवार 1 जून को छह लोगों की जांच के लिए सैंपल भेजे थे। जिसमें सभी छह लोगों की रिपोर्ट बुधवार शाम को निगेटिव आई थी। सीएमएचओ डाॅ. एसएन केशरी ने बताया कि अस्पताल में देखरेख के दौरान किसी भी मरीज में संक्रमण से जटिलता पैदा नहीं हुई। समय पर जांच और इलाज के कारण वायरल लोड नहीं बढ़ा इसलिए रिकवरी अच्छी रही। बाकी मरीजों की स्थिति भी सामान्य है।

कोरोना से जीतने पर बोले; स्नेह भरी देखभाल से हुए स्वस्थ
लैलूंगा और धरमजयगढ़ ब्लाक के मरीजों ने बाहर निकलते हुए हाथ जोड़कर सभी डॉक्टर्स और पैरामेडिकल स्टाफ को धन्यवाद कहा। डॉक्टरों ने बताया कि ग्रामीण इलाके के ये युवक मुंबई में काम करते थे। बात करने का तरीका और व्यवहार अच्छा था। स्वस्थ होकर निकले युवकों ने कहा, अस्पताल में बड़े अपनेपन से देखभाल हुई।

16 दिन में जो सीखा उस पर हमेशा करेंगे अमल
अस्पताल से छुट्टी होते ही भर्ती मरीजों में डाॅक्टरों से कहा कि लाॅकडाउन और वैश्विक महामारी में बहुत परेशानियां हुईं। परिवार को परेशान होना पड़ा लेकिन अस्पताल में बिताए 16 दिन में काफी सीख मिली है। निस्वार्थ भाव से दूसरों की सेवा करें तो कोरोना से लड़कर जीता जा सकता है। मरीजों की सुन डाॅक्टर और कर्मचारियों ने ताली बजाकर उनका हौसला बढ़ाया।

दिल्ली से सरिया लौटा प्रवासी पॉजिटिव
जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बुधवार को सरिया के साल्हेओना क्वारेंटाइन में रखा गया एक प्रवासी कोरोना संक्रमित मिला। जांच रिपोर्ट आने के बाद मेडिकल कॉलेज की क्विक रिस्पांस टीम व स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंच कॉन्टेक्ट हिस्ट्री पता लगाने में जुटी है। वहीं संक्रमित व्यक्ति को देर रात कोविड-19 हास्पिटल में भर्ती कराया गया है।
देर शाम आईसीएमआर व राज्य सरकार को भेजी गई रिपोर्ट में जिले में एक मरीज संक्रमित होने की पुष्टि मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलाॅजी विभाग ने की है। जिस संक्रमित व्यक्ति में कोरोना की पुष्टि की गई है, 29 मई को दिल्ली से वापस सरिया क्षेत्र के अपने गांव साल्हेओना आया था। सीएमएचओ डाॅ. एसएन केशरी ने बताया कि संक्रमित व्यक्ति के साथ ही क्वारेंटाइन सेंटर में रह रहे प्रवासी लोगों के सैंपल लेकर भेजे गए थे। जिसमें से दिल्ली से लौटे युवक में कोरोना की पांचवें दिन पुष्टि की गई है। जिले से स्वास्थ्य टीम गांव भेजी गई है। क्वारेंटाइऩ सेंटर के आसपास क्षेत्र को कंटेनमेंट एरिया घोषित किया गया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Corona brought home from Mumbai, returned home with a new life
Corona brought home from Mumbai, returned home with a new life


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raigarh/news/corona-brought-home-from-mumbai-returned-home-with-a-new-life-127372890.html

Post a Comment

और नया पुराने