13 मई से वक्री चल रहे शुक्र शुक्रवार से मार्गी हो गए हैं। 6 में से एक ग्रह शुक्र के वक्री होने से एक ओर जहां लोगों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार होने का दावा किया जा रहा है। वहीं बाजार में मंदी के चलते बिगड़े हालातों में भी सुधार की बात कही जा रही है। ज्योतिषियों का कहना है कि शुक्र के आधिपत्य में आने वाली वस्तुओं की खरीदी में तेजी आएगी।
दरअसल, शुक्र वैभव, सुख-समृद्धि, सौंदर्य और औषधि के अधिपति देव माने जाते हैं। संभव है कि इसके अगले माह वृषभ से मिथुन राशि में पहुंचने के साथ ही महामारी के इलाज से संबंधित कोई दवा भी बाजार में आ जाए। इसके सीधी चाल में आने से जिनके दांपत्य जीवन में तनाव चल रहा है वह समाप्त होने लगेगा। ज्योतिषाचार्य डॉ. दत्तात्रेय होस्केरे ने बताया कि शुक्र वृष राशि में वक्री थे। अब मार्गी हैं। अगले 13 सितंबर को देवगुरु बृहस्पति भी मार्गी हो जाएंगे। इसके बाद इस बात की संभावना बढ़ सकती है कि महामारी का कहर कम होगा। अन्य समस्याएं भी काबू में आने की स्थिति में रहेंगी। शुक्र के वक्री रहने के कारण देव-विदेश में व्यापारिक गतिविधियां मंद हो गई थीं। अब इसके मार्गी होते ही बाजार में उठाव आएगा। इलेक्ट्रॉनिक से लेकर वाहन, वस्त्र, सौंदर्य प्रसाधन और स्वर्ण आभूषणों की बिक्री में तेजी आएगी। इस ग्रह के रसेश होने के कारण आगामी माह में इसके राशि परिवर्तन की वजह से बारिश भी अच्छी होगी। खासकर गुरु यानी बृहस्पति ग्रह के मार्गी होने के साथ ही देश-दुनिया की आर्थिक मंदी भी दूर होने लगेगी।

अगले माह शुक्र ग्रह का मिथुन राशि में प्रवेश
ज्योतिषियों के मुताबिक अगले माह शुक्र ग्रह का मिथुन राशि में प्रवेश होगा। इसके साथ 6 वक्री ग्रहों का योग भी समाप्त हो जाएगा। अब राहू, केतु के अलावा बुध, गुरु और शनि ही वक्री चाल में हैं। इस कारण अभी हालात सितंबर तक बहुत अधिक अच्छे नहीं रहेंगे। शुक्र के मार्गी होने के कारण लोगों के जीवन में परेशानियां कम होने लगेंगी। चिकित्सा के क्षेत्र में कोई बड़ी सफलता भी हाथ लगने की संभावना जताई जा रही है। यह कयास भी लगाए जा रहे हैं कि महामारी को खत्म करने वाली कोई दवा या वैक्सीन मार्केट में आ जाए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/margi-venus-diseases-will-be-removed-the-beauty-of-the-markets-will-also-return-127455225.html
एक टिप्पणी भेजें