पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजधानी रायपुर में विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, सभी जिला कमेटियाें ने जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन कर मोदी सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताया।
प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के नेतृत्व में रायपुर में आयोजित धरना-प्रदर्शन में सभी बड़े नेता शामिल हुए। मरकाम ने कहा कि केंद्र सरकार में विपक्ष में रहते हुए भाजपा के जो राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी और छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम डाॅ. रमन सिंह, सुनील सोनी, बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत और अजय चंद्राकर साइकिल चलाकर अपना विरोध जताते थे, वे आज कहां छिप गए हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या अब उन्हें महंगाई से परेशान जनता की चिंता नहीं है। क्या वे सिर्फ दिखावे के लिए राजनीति करते हैं। यदि वे जनता के सच्चे हितैषी हैं तो मोदी सरकार से मांग करें कि पेट्रोल-डीजल की कीमत तत्काल कम करे और लोगों को राहत दे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट होने के बावजूद केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमत कम करने के बजाय बढ़ाकर आम आदमी की जेब में डाका डाल रही है। राष्ट्रपति के नाम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान ताम्रध्वज साहू, अमरजीत भगत, कवासी लखमा, डॉ. शिव डहरिया, अनिला भेड़िया, छाया वर्मा, सत्यनारायण शर्मा, धनेंद्र साहू, गिरीश देवांगन, चंद्रशेखर शुक्ला, महेंद्र छाबड़ा, सलाम रिजवी, गिरीश दुबे, प्रमोद दुबे, पंकज शर्मा, घनश्याम राजू तिवारी, इदरीश गांधी सहित तमाम नेता उपस्थित थे। आज से चार जुलाई तक तहसील व ब्लाकों में प्रदर्शन किया जाएगा।
रस्सी बांधकर विकास ने खींचा ट्रक, कहा-ट्रांसपोर्टर आत्महत्या को मजबूर
विधायक विकास उपाध्याय ने ट्रक में रस्सी बांधकर उसे खींचा। उन्होंने कहा कि डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन का खर्च बढ़ता है। जिस प्रकार किसानों से फसलों की खरीदी नहीं होने पर आत्महत्या करते थे, आज वही स्थिति ट्रांसपोर्टरों की है, जो अपनी गाड़ियों में डीजल डलवाने में असमर्थ हैं।
बैलगाड़ी युग में जाने की तैयारी में देश: एजाज ढेबर
महापौर एजाज ढेबर राजधानी की सड़कों पर बैलगाड़ी में सवार होकर निकले। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जिस तेजी से पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ा रही है, उससे ऐसा लग रहा है, मानों देश फिर से बैलगाड़ी युग में चला जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की तकलीफ को समझते हुए तत्काल पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों पर रोक लगाई जानी चाहिए। युवा कांग्रेसियों ने साइकिल चलाकर अपना विरोध जताया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/congress-protests-mercam-asked-where-are-the-bjp-leaders-who-are-opposing-inflation-127462077.html
एक टिप्पणी भेजें