पीडब्ल्यूडी की तरह सभी जेलों के खाली प्लाॅट में हाउसिंग-कॉमर्शियल काम्प्लेक्स

पीडब्लूडी की तर्ज पर गृह और जेल विभाग में भी आय के स्रोत बढ़ाने पुराने जर्जर आवासीय क्षेत्रों में नए आवासीय सह कामर्शियल कांप्लेक्स बनाने की तैयारी है। गृह और जेल विभाग के मंत्री ताम्रध्वज साहू ने मंगलवार को विभागीय समीक्षा बैठक में जल्द इसका प्लान मांगा। इसके तहत ऐसे थाना परिसर जहां पर्याप्त भूमि है वहां थाना क्षेत्र के लिए जगह छोड़कर शेष भूमि पर इस तरह के कांप्लेक्स बनाने पर सहमति बनी। इस निर्माण कार्य के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन को अधिकृत करने गृह विभाग से सहमति ली जाएगी। उन्होंने रायपुर के टिकरापारा स्थित फायर स्टेशन को अन्यत्र स्थानांतरित करने जगह चिन्हित करने को कहा। मंत्री साहू ने ज्यादा ट्रांसपोर्टिंग वाले जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में पुलिस पेट्रोल पंप खोलने का प्रपोजल तैयार करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पुलिस कल्याण योजना, शहीद सम्मान निधि, सेवा सम्मान निधि और कल्याण निधि के कामों की भी समीक्षा की।
छह माह में पूरी करें विभागीय जांच
गृह मंत्री साहू ने आला अफसरों से दो साल पहले हुए पुलिस परिजन आंदोलन के लंबित मांगों के कम्प्लाइंस की जानकारी ली। इसमें उन्होंने बची मांगों को पूरा करने दो आईपीएस अफसरों को अधिकृत किया। साहू ने हर हाल में विभागीय जांच को छह माह के अंदर निराकृत करने कहा। उन्होंने स्पंदन एप के जरिए पुलिस के जवानों तनाव मुक्त करने और सेवा पुस्तिकाओं का कंप्यूटरीकृत करने भी कहा। बैठक में पुलिस महानिदेशक डी.एम. अवस्थी, गृह विभाग के एसीएस सुब्रत साहू, सचिव उमेश अग्रवाल, एडीजी जेल संजय पिल्ले, एडीजी योजना-प्रबंधन आर.के. विज, एडीजी प्रशासन हिमांशु गुप्ता सहित विभिन्न शाखाओं के एडीजी अरूण देव गौतम, अशोक जुनेजा, पवन देव और विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

जेलों का करें औचक निरीक्षण, सजा पूरी कर चुके कैदियों को रिहा करें
गृह मंत्री साहू ने अफसरों को प्रदेश के सभी जेलों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैरकों में साफ- सफाई, कैदियों की क्षमता, स्वास्थ्य परीक्षण, सीसीटीवी कैमरा, पेयजल, किचन सहित सभी जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लें। साथ ही एडीजी जेल कमी और जरूरतों की रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करें। उन्होंने कैदियों के कौशल विकास के लिए जेलों में कपड़ा बुनाई, फर्नीचर, सोफा, ग्रिटिंग, प्रिंटिंग एवं अन्य सामान बनाने के कामों को बढ़ावा देने के लिए कहा। इसके साथ ही सजा पूरी कर चुके कैदियों की रिहाई और जेल विभाग में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

अफसरों की संख्या ज्यादा, सभी विंग की अलग-अलग बैठक
गृह मंत्री साहू ने कुछ दिन पहले ही अफसरों की बैठक बुलाई थी, जो टल गई थी। इसके बाद 23 जून का समय तय किया गया। सभी अधिकारी उनके निवास कार्यालय पहुंचे तो वहां एक साथ काफी लोग होने के कारण भीड़ बढ़ गई। इसके बाद सभी विंग की अलग-अलग बैठक करना तय किया गया। इस तरह पहले पुलिस हाउसिंग, फिर जेल, होम गार्ड्स, अभियोजन, एफएसएल और अंत में पुलिस मुख्यालय की बैठक हुई। गृहमंत्री ने सभी एचओडी को अपने काम में तेजी लाने के निर्देश दिए, जिससे लोगों को ज्यादा से ज्यादा फायदा हो सके। इसकी निगरानी करने भी कहा।

शासन के पास अभी फाइल लंबित है, सुन छूटी सबकी हंसी
बैठक के दौरान एक मजेदार वाकया हुआ। एडीजी एडी गौतम गृह विभाग के सचिव होने के साथ-साथ होम गार्ड्स की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। हाल ही में हुए तबादले में उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में होम गार्ड्स के एक प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान गौतम ने बताया कि यह प्रस्ताव शासन के पास लंबित है। यह सुनकर मंत्री समेत सीनियर अफसर हंस पड़े। उन्होंने कहा कि गृह विभाग के सचिव के नाते शासन वही हैं, इसलिए लंबित क्याें रखे हैं? मंत्री साहू ने बहुमंजिला इमारतों में फायर सेफ्टी लगाने के लिए कहा। साथ ही, बाढ़ से बचाव की तैयारियों के निर्देश भी दिए।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Housing-commercial complex in vacant plot of all jails like PWD


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/housing-commercial-complex-in-vacant-plot-of-all-jails-like-pwd-127441705.html

Post a Comment

और नया पुराने