छत्तीसगढ़ के जांजगीर में चरित्र पर संदेह के चलते एक युवक ने पत्नी और बच्चों को घर से निकाल दिया। इस पर युवक को समझाने के लिए उसकी मौसी पहुंची तो धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर उसे मार डाला। युवक को संदेह था कि पत्नी के अनैतिक काम में उसकी मौसी ही साथ देती है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना फगुरम चौकी क्षेत्र के ग्राम केकराभाठ की है।
एसडीओपी बीएस खुंटिया ने बताया कि केकराभाठ गांव निवासी वेदप्रकाश राणा पावर प्लांट में मजदूरी करता है। उसे पत्नी के चरित्र पर संदेह था। उसे लगता था कि पत्नी के अन्य लोगों से भी अनैतिक संबंध हैं। इसे लेकर तीन दिन पहले गुरुवार काे विवाद बढ़ गया। इसके बाद पत्नी के रिश्तेदार को बुलाकर पंचायत भी हुई, लेकिन वेदप्रकाश नहीं माना। वह बार-बार पत्नी पर आरोप लगाता रहा। फिर बात तय हुई कि महिला को उसके मायके पहुंचा दिया जाए।
मां के पास पैसे नहीं थे, तो मौसी देने के लिए गई
इसी दिन वेदप्रकाश ने अपनी मां से पैसे मांगे, तो उसने नहीं होने की बात कहते हुए मौसी नानकुन राणा लाकर देने की बात कही। अगले दिन शुक्रवार को उसकी मौसी नानकुन पैसे लेकर आई। वेदप्रकाश ने उससे पैसे लाने को लेकर सवाल पूछा। इस पर महिला ने गांव के कुछ लोगों से उधार मांग कर लाने की जानकारी दी। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। उसे संदेह था कि पत्नी से जिनके साथ संबंध हैं, मौसी उन्हीं से पैसे मांगकर लाई है।
उसी दिन शाम को वेद प्रकाश ने अपनी पत्नी और बच्चों को घर से निकाल दिया। शनिवार सुबह करीब 5.30 बजे उसकी मौसी नानकुन उसे समझाने के लिए आई थी। इससे युवक का गुस्सा और बढ़ गया और वह यह समझने लगा कि गलत काम में उसका साथ दे रही है। इसीलिए उसने धारदार हथियार से महिला के गले में वार कर दिया। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
हथियार लेकर आंगन में बैठा, दूसरों को देता रहा धमकी
आरोपी युवक वेद प्रकाश अपनी मौसी की हत्या के बाद घर के आंगन में ही बैठा रहा। उसकी मां ने गांव के लोगों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीण जब पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। ग्रामीणों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया तो धमकाया कि मौसी को तो मारा है, कोई अंदर आने की कोशिश करेगा तो उसे भी मार देगा। लोगों ने डायल 112 को खबर की। उसके सिपाही पहुंचे उन्होंने आरोपी युवक को पकड़ा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/husband-kills-his-wife-mausi-in-chhattisgarh-janjgir-127429251.html
एक टिप्पणी भेजें