तमाम विरोधों के बाद रायपुर स्मार्ट सिटी ने सप्रेशाला मैदान में ग्रिल लगाने का काम पूरा करने के बाद अब दानी गर्ल्स मैदान में दीवार खड़ी करने का काम शुरू कर दिया है। यहां ठेकेदार को जल्द से जल्द दीवार उठाने के लिए कह दिया गया है। बताया जा रहा है कि दीवार उठने के बाद तेजी से सड़क चौड़ी करने का काम शुरू हो जाएगा। इस बीच भाजपा ने भी बड़े विरोध की रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
बूढ़ातालाब को संवारने के लिए सप्रे शाला, दानी गर्ल्स और डिग्री कालेज की जमीनों को लेकर सड़क चौड़ी करने का मामला काफी विवादित हो गया है। तमाम विरोधों के बावजूद स्मार्ट सिटी प्रबंधन सड़क चौड़ी करने के काम में तेजी से जुटी है। कंपनी ने विरोध चलने के दौरान ही सप्रे शाला मैदान में ग्रिल लगा ली। इसके बाद अब दानी गर्ल्स की तरफ मैदान में दीवार उठाने का काम तेजी से चल रहा है। दीवार खड़ी होने के बाद मैदान का यह हिस्सा स्कूल से अलग हो जाएगा। जगह मिलते ही ठेकेदार सड़क चौड़ी करने का काम शुरू कर देंगे। रायपुर स्मार्ट सिटी तालाब सौंदर्यीकरण का काम पार्ट-पार्ट में दे रही है। दो करोड़ रुपए का स्मार्ट सिटी ने पहले ही दे दिया है।
इसी वर्कआर्डर पर रोड चौड़ीकरण का काम हो रहा है। सप्रे शाला मैदान से डिग्री गर्ल्स की तरफ पूरी सड़क बनाई जाएगी। यहां कुछ अतिरिक्त काम होने हैं। इसके बाद तालाब के लिए छह करोड़ रुपए का टेंडर अलग से जारी किया जा रहा है। इससे तालाब के चारों तरफ पाथवे और अन्य सौंदर्यीकरण के काम होंगे। लक्ष्मण झूले का प्लान फाइनल हुआ तो इसके समेत कुछ अन्य काम तीसरे चरण में होंगे।
रणनीति तय करने में जुटे भाजपा नेता
काम नहीं थमने की वजह से भाजपा पार्षदों में भी बेचैनी बढ़ गई है। भाजपा के पार्षद अलग-अलग तरह से विरोध कर रहे हैं। हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। शुक्रवार को भाजपा पार्षद मृत्युंजय दुबे और अन्य पार्षदों ने बूढ़ातालाब में पर्यावरण दिवस के मौके पर यहां पेड़ लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा नेता शनिवार-रविवार को सभी पार्षदों की बैठक लेकर विरोध की रणनीति तय करेंगे। लॉकडाउन के कारण भीड़ इकट्ठी नहीं हो पा रही है।
गार्डन निगम के अधीन : मेयर
महापौर एजाज ढेबर ने कहा कि बूढ़ा तालाब और गार्डन नगर निगम के आधिपत्य में है। पिछली एमआईसी में निगम ने बूढ़ा तालाब में सौंदर्यीकरण तथा अन्य कार्यों के लिए पर्यटन मंडल को सुविधाएं विकसित करने की अनुमति दी थी। बूढ़ा तालाब को लेकर पर्यटन मंडल और मुंबई की कंपनी के बीच हुआ है एग्रीमेंट ही अवैध है क्योंकि इसमें नगर निगम को पार्टी नहीं बनाया गया था। निगम के साथ किसी तरह का अनुबंध नहीं किया गया है। इसलिए निगम और स्मार्ट सिटी बाध्य नहीं है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/amidst-the-playground-controversy-protest-dani-girls-are-also-raising-the-wall-127383491.html
एक टिप्पणी भेजें