दिल्ली से लौटी किराना व्यवसायी की बेटी एमबीबीएस छात्रा व इसी व्यापारी के दो घरेलू नौकर के कोरोना पाॅजिटिव पाए जाने के बाद अंबागढ़ चौकी नगर को 16 जून से पूर्ण लाॅकडाउन किए जाने का मामला जिले के प्रभारी मंत्री तक पहुंच गया है। खुज्जी विधायक छन्नी चंदू साहू ने अंबागढ़ चौकी नगर को पूर्ण लाॅकडाउन किए जाने का विरोध करते हुए स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों को हो रही परेशानी को शुक्रवार को प्रभारी मंत्री मो. अकबर को बताई और चौकीवासियों को राहत दिलाने की मांग की। जिले के प्रभारी मंत्री ने तत्काल चौकी नगरवासियों को बड़ी राहत दिलाई। प्रशासन ने 30 जून तक चौकी नगर को पूर्ण लॉकडाउन रखने का निर्देश दिया था लेकिन प्रभारी मंत्री के निर्देश पर अब 27 जून से नगर की दुकानें खुल जाएगी। जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर पंचायत ने शाम मुनादी कराई है कि नगर में सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक किराना व अन्य दुकानें खुली रहेंगी। सुबह 10 से 2 बजे तक कृषि से संबधित दुकानें व बैंक खुली रहेंगी।
अधिकारी शासन को गुमराह कर रहे हैं: विधायक
विधायक ने जिले के प्रभारी मंत्री मो. अकबर से शिकायत की है कि उनके क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारी शासन को गुमराह कर कांग्रेस सरकार की क्षवि को धूमिल और स्थानीय जनता को परेशान कर रहे हैं। प्रभारी मंत्री के समक्ष खुलासा किया कि उनके पास 8 जून व 11 जून के हाॅस्पिटल के ओपीडी रजिस्टर और वह सभी दस्तावेज है। जिसमें यह उल्लेख है कि दिल्ली से आई छात्रा व उसके परिजन को स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन ने क्वारेंटाइन नहीं किया। जब सोशल मीडिया में हंगामा हुआ तब 14 जून को व्यापारी का दुकान सील किया। 16 जून को पूर्ण लॉकडाउन कर दिया।
कमजोर स्कूल भवनों की मरम्मत का भी मामला उठाया
प्रभारी मंत्री मो. अकबर ने जिले के विधायक एवं जिला प्रशासन के साथ वीडियो काॅन्फ्रेसिंग के माध्यम से बातचीत की। खुज्जी विधायक साहू ने चौकी नगर का मामला उठाते हुए प्रभारी मंत्री को यहां की स्थितियों संे अवगत कराया। इस बैठक में ही कमजोर स्कूल भवनों की मरम्मत का मामला उठाते हुए जिला प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bhilai/rajnandgaon/news/from-today-shops-and-banks-of-ambagarh-chowki-will-open-127452178.html
एक टिप्पणी भेजें