राजधानी में नगर निगम के 10 जोन में से 9 में कांग्रेस का अध्यक्ष चुना जाना तय हो गया है। ऐन वक्त पर बदलाव नहीं हुआ तो गुरुवार को मतदान के बाद पार्षद बंटी होरा, अमितेष भारद्वाज, मन्नू विजेता यादव, निशा देवेंद्र यादव, प्रमोद मिश्रा, आकाशदीप शर्मा और मनीराम साहू को जोन अध्यक्ष चुन लिया जाएगा। निगम के सभापति प्रमोद दुबे जोन-4 के पदेन अध्यक्ष रहेंगे। निर्दलीय पार्षद वीरेंद्र देवांगन को बुधवार की रात कांग्रेस में प्रवेश देकर पार्टी ने एक और जोन में अपना अध्यक्ष सुनिश्चित कर लिया है। भारतीय जनता पार्टी के खाते में केवल एक जोन ही आ रहा है। उसमें भी विनोद अग्रवाल और मंजू साहू में से किसी एक को चुनने के लिए भाजपा कार्यालय में गुरुवार को सुबह 11 बजे पार्टी के पार्षदों की बैठक बुलाई गई है। भाजपा का दावा है कि उसके प्रत्याशी तीन जोन में चुनाव लड़ेंगे, लेकिन यह लगभग स्पष्ट है कि केवल जोन-1 में ही पार्टी का पार्षद अध्यक्ष बन पाएगा।
इसमें भी दो नाम हैं और दोनों ही पूर्व मंत्री राजेश मूणत के समर्थक माने जाते हैं। भाजपा का दावा था कि निर्दलीय चुनाव जीतने वाले रुपेश साहू, वीरेंद्र देवांगन और अमर बंसल उन्हीं की पार्टी के हैं, इसलिए वे उनका समर्थन करेंगे। ऐसे में तीन पद उन्हें दिए जाएं। लेकिन देवांगन के ऐन वक्त पर कांग्रेस प्रवेश करने से पूरी स्थिति उलट गई है। सूत्रों के अनुसार जोन अध्यक्षों के नाम तय करने के लिए महापौर एजाज ढेबर की शहर के कांग्रेस विधायकों और संगठन के नेताओं के साथ बुधवार को देर रात तक कई दौर की बैठकें हुईं। बताया गया है कि कांग्रेस विधायकों के साथ-साथ संगठन की पसंद के पार्षदों को भी जोन अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने वाली है।
पहली बार जोन दफ्तरों मेंचुनाव
यह पहला मौका है, जब जोन अध्यक्ष के चुनाव जोन दफ्तरों में होंगे। अब तक यह चुनाव नगर निगम मुख्यालय में ही होते आए हैं, लेकिन फिजिकल डिस्टेंसिंग की वजह से ऐसा किया जा रहा है। इसीलिए सभी जोन कमिश्नरों को ही निर्वाचन अधिकारी बना दिया गया है। निर्वाचन की प्रक्रिया दोपहर 12 बजे शुरू होगी और 2 बजे सभी चुने गए नाम सामने आ जाएंगे।
पांच निर्दलीय में से तीन कांग्रेस में
निगम चुनाव में 5 निर्दलीय भी चुनाव जीतकर आए थे। इनमें बहुमत भाजपा के बागियों का था, लेकिन निगम में कांग्रेस की सत्ता के बाद पूरा समीकरण उलट गया। दो निर्दलीय पार्षद पहले ही कांग्रेस में जा चुके हैं। तीसरे पार्षद देवांगन ऐन वक्त पर कांग्रेस में चले गए। अब दो निर्दलीय पार्षद रुपेश साहू और अमर बंसल रह गए हैं। इन दोनों ने भी भाजपा से बगावत कर चुनाव लड़ा था और जीते भी। भाजपा इन्हें अपना बताकर 10 में से 3 जोन में इसीलिए प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है।
जोन और अध्यक्ष
जोन 2: बंटी होरा
जोन 3: अमितेष भारद्वाज
जोन 4: प्रमोद दुबे
जोन 5: मन्नू विजेता यादव
जोन 6: निशा देवेंद्र यादव
जोन 7: मनीराम साहू
जोन 8: वीरेंद्र देवांगन
जोन 9: प्रमोद मिश्रा
जोन 10: आकाशदीप शर्मा
जोन 1 : भाजपा (विनोद अग्रवाल या मंजू साहू)
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/pramod-dubey-bunty-amitesh-mannu-yadav-nisha-pramod-mishra-akashdeep-maniram-and-virendra-will-be-the-zone-president-from-congress-127397551.html
एक टिप्पणी भेजें