भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय की टीम में युवाओं की आक्रामक टीम बनाने की तैयारी है, जो सरकार के खिलाफ हर मोर्चे पर लड़ाई लड़ सकें। इसके लिए पूर्व आईएएस ओपी चौधरी को युवा मोर्चा की कमान देने की तैयारी है। चौधरी लगातार युवाओं के बीच सक्रिय हैं। युवा मोर्चा में रहकर वे मैदानी स्तर पर पूरे प्रदेश में काम कर सकेंगे, जिससे सभी जगह लोग उनसे जुड़ पाएंगे।
छत्तीसगढ़ में भाजपा अध्यक्ष के लिए कई महीनों के इंतजार के बाद आखिरकार पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह की पसंद पर पूर्व केंद्रीय मंत्री साय को तीसरी बार कमान सौंपी गई। पूर्व आईएएस चौधरी भी रमन के करीबी हैं। 39 साल के चौधरी के पास अभी लंबी राजनीतिक पारी है, इसलिए उन्हें युवा मोर्चा से जोड़ा जा सकता है, जिससे वे अपने लिए भी राजनीति की मजबूत जमीन बना सकें। उनके साथ ज्यादा संख्या में भी युवा भाजपा से जुड़ेंगे। हालांकि चौधरी को प्रदेश कार्यकारिणी में भी शामिल करने का विकल्प खुला है। वे अभी भी प्रदेश कार्यसमिति में सदस्य हैं। ऐसी स्थिति में प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, प्रबल प्रताप जूदेव, प्रदेश महामंत्री संजू नारायण ठाकुर या महेंद्र पंडित को मौका दिया जा सकता है।
वर्चुअल रैलियों के जरिए उठाएंगे आवाज, दीं जिम्मेदारी
युवा मोर्चा की कार्यसमिति में राज्य सरकार के खिलाफ वर्चुअल रैलियों के जरिए आवाज उठाने की चर्चा हुई। भाजयुमो महामंत्री संजू ठाकुर ने बताया कि बीते दिनों कबीरधाम, कोरबा, सूरजपुर, नारायणपुर, धमतरी के कार्यकर्ता वर्चुअल रैली के जरिए जुड़े। 11 जून को बेमेतरा, जांजगीर, कोरिया, सुकमा व महासमुंद में रैली आयोजित की गई। 12 जून को राजनांदगांव, मुंगेली, जशपुर, कोंडागांव और रायपुर ग्रामीण, 13 जून को बालोद, रायगढ़, सरगुजा, बस्तर, रायपुर शहर और गरियाबंद, 14 जून को दुर्ग- बिलासपुर, बलरामपुर, कांकेर, दंतेवाड़ा और बलौदा बाजार की वर्चुअल रैली संपन्न होगी। रैली को सफल बनाने के लिए प्रदेश पदाधिकारी सहित सोशल मीडिया प्रभारियों के माध्यम से संबंधित जिलों की कार्यकारिणी को सफल बनाने का आह्वान किया गया है। 15 जून से 24 जून तक लोकसभा स्तर पर रैली में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए हजारों युवाओं को जोड़ने की तैयारी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/there-will-be-a-youth-front-in-the-team-of-sai-there-is-talk-of-giving-the-command-of-youth-to-the-aggressive-chaudhary-127401195.html
एक टिप्पणी भेजें