पंडरिया ब्लाॅक में कोरोना पाॅजिटिव श्रमिकों की संख्या में एक और इजाफा हुआ। अब ब्लाॅक में कुल संक्रमित मरीज की संख्या 9 और सक्रिय मरीजों की संख्या 3 हो गई है। ब्लाॅक मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर गांगपुर क्वारेंटाइन सेंटर में एक 22 वर्षीय श्रमिक कोरोना पॉजिटिव मिला है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक यह श्रमिक 20 मई को नासिक (महाराष्ट्र) से गांगपुर आया था, जो बोड़ला में पाॅजिटिव मिले श्रमिक के संपर्क में आया था। इसी आधार पर इसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। रविवार दोपहर को उसकी जांच रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। यह श्रमिक ग्राम पंडरी पथरा निवासी है, जो गांगपुर के क्वारेंटाइन सेंटर में था। बीएमआे डॉ. बीएल राज ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद श्रमिक को कोविड केयर सेंटर कवर्धा भेज दिया है। पंडरी पथरा व गांगपुर के ग्रामीण जो इनके संपर्क में आए हैं उन्हें क्वारेंटाइन किया है।
राजनांदगांव भेज दी थी जांच रिपोर्ट, गांव का नाम नहीं मिल रहा था : सीएमएचओ डॉ. एसके तिवारी ने बताया कि पॉजिटिव मिले युवक की जांच रिपोर्ट राजनांदगांव भेज दिए थे। जांच रिपोर्ट में राजनांदगांव जिले में पंडरीपथरा नाम का कोई गांव नहीं था।जांच रिपोर्ट में संक्रमित का मोबाइल नंबर भी नहीं लिखा था, जिसके चलते पहचान में दिक्कत हो रही थी। इस सभी राज्य के सभी जिलों को सूचना भेजी गई। तब कहीं जाकर पहचान हो पाई।
जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 90 हुई
कबीरधाम जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 90 पहुंच चुकी है। अभी 54 एक्टिव केस हैं। वहीं 36 लोग कोरोना को मात देकर कवर्धा लौट चुके हैं। जिले के ग्राम महराजपुर में बने 200 बेड वाले कोविड केयर सेंटर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का इलाज शुरू हो गया है। शनिवार को बोड़ला व कवर्धा ब्लॉक में मिले 5 पॉजिटिव मरीजों को यही भर्ती किया गया है। अब मरीजों को रायपुर या राजनांदगांव भेजने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bhilai/bemetara/news/found-positive-in-gangpur-quarantine-center-127411196.html
एक टिप्पणी भेजें