जंगल सफारी और जू बुधवार से शुरू हाे गए। सफारी में प्रवेश करने से लेकर बाहर निकलने तक साेशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के मकसद से जगह-जगह तीन फीट की दूरी पर मार्किंग की गई है। हर व्यक्ति काे दो बार थर्मल स्क्रीनिंग, हैंड सैनिटाइजेशन के बाद एंट्रीदी जा रही है। मास्क पहनना भी अनिवार्य है। प्रवेश द्वार पर ही हर पर्यटक का नाम, पता, मोबाइल नंबर जैसी कॉन्टैक्ट डिटेल्स भी नोट की जा रही है। अब यहां पहले की तुलना में 25 फीसदी लाेगाें काे ही प्रवेश दिया जाएगा। पहले यहां रोज औसतन 800 लोग घूमने आते थे। 100 दिन बाद जब सफारी शुरू हुआ तो 43 लोग ही पहुंचे।
24 सीटर बस में अब 12 लोगों को प्रवेश
सफारी की सैर के लिए 12 एसी और 14 नाॅन एसी बसें हैं। सफारी की डिप्टी डायरेक्टर डीएफओ एम. मर्सीबेला ने बताया, सभी एसी बसें बंद रखी गई हैं। दूरी को ध्यान में रखकर 24 सीटर नॉन एसी बस में अब 12 लोग बिठाए जा रहे हैं। वेटिंग हॉल में कुर्सियां दूर-दूर रखी गई हैं। तीन सीट के बेंच की बीच की सीट पर बैठना प्रतिबंधित है।
दो बार चेकिंग के बाद दी गई एंट्री
सचिन प्रधान अपने दोस्त मनीष के साथ सफारी घूमने पहुंचे। गाड़ी पार्क करने के बाद वो टिकट काउंटर की तरफ बढ़े। गार्ड ने उन्हें मार्किंग में खड़े होने के निर्देश दिए। थर्मल स्क्रीनिंग और हैंड सैनिटाइजेशन के बाद उनका नाम, पता और मोबाइल नंबर नोट किया गया, फिर टिकट काउंटर में जाने दिया गया। टिकट लेने के बाद वो सफारी के मेन गेट पर पहुंचे। गार्ड ने पैरों से ऑपरेट होने वाली मशीन से उन्हें हैंड सैनिटाइज करने के निर्देश दिए। इसके बाद केमिकल वाटर में जूते सैनिटाइज करने के बाद उन्हें भीतर भेजा गया। यहां एक और चेक पॉइंट बनाया गया है। इस गेट पर फिर से थर्मल स्क्रीनिंग की गई। दोबारा उनका नाम, पता और नंबर नोट किया गया। फिर सैनिटाइजेशन टनल से गुजरने के बाद उन्हें जंगल सफारी में एंट्री दी गई।
- 800 एकड़ में फैला है जंगल सफारी, इसमें 125 एकड़ में जू भी संचालित होता है।
- सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मिलेगा घूमने का मौका।
- जू के 11 बाड़ों में हैं बंगाल टाइगर, हिमालयन भालू, तेंदुआ, दरियाई घोड़ा, कछुए, गोह छिपकली जैसे जानवर।
- बाेटिंग और फूड जोन बंद रखा गया है। कुछ दिन बाद इसे शुरू किया जाएगा।
- टिकट की ऑनलाइन बुकिंग भी कर सकते हैं। इसके लिए junglesafari.cg.nic.in पर विजिट करना हाेगा।
- 10 साल से कम उम्र के बच्चों, 65 से अधिक उम्र के बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं की एंट्री बैन
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/it-will-be-mandatory-to-bring-25-of-the-capacity-admission-name-and-address-are-mandatory-2-place-thermal-screening-127469216.html
एक टिप्पणी भेजें