दिल्ली के सरकारी स्कूलों के मॉडल की तर्ज पर शहर के तीन पुराने स्कूलों को डेवलप किया जा रहा है। इसमें शहीद स्मारक, आरडी तिवारी और बीपी पुजारी स्कूल शामिल हैं। इन तीनाें स्कूलाें में 50 स्मार्ट क्लास रूम बनाए जाएंगे। शहीद स्मारक और आरडी तिवारी स्कूल में 16-16 और बीपी पुजारी स्कूल में 18 स्मार्ट क्लासरूम होंगे। स्कूलाें के पुराने स्ट्रक्चर को भी नया रूप दिया जाएगा। तीनों स्कूलों में साइंस के प्रैक्टिकल के लिए आधुनिक लैब तैयार की जाएगी। यहां लाइब्रेरी और हर तरह के खेलाें के लिए प्ले ग्राउंड भी डेवलप करेंगे। स्कूलों काे 3 करोड़ 67 लाख रुपए से रिनाेवेट करेंगे, जिसमें शहीद स्मारक स्कूल को संवारने के लिए एक करोड़ 23 लाख, बीपी पुजारी के लिए 1 करोड़ 36 लाख और आरडी तिवारी स्कूल के लिए 1 करोड़ 8 लाख रुपए का बजट रखा गया है। जरूरत पड़ने पर तीनाें स्कूल के रिनाेवेशन का बजट बढ़ाने का भी प्रावधान भी किया गया है। खास बात ये है कि इन तीनाें स्कूलाें में अब हिंदी के बजाय इंग्लिश मीडियम से पढ़ाई हाेगी। पहली से 12वीं तक के इन स्कूलों में शहर का कोई भी बच्चा पढ़ाई कर सकेगा।
रिनोवेशन शुरू, फरवरी तक होगा पूरा
रिनाेवेशन का काम शुरू कर दिया गया है। स्कूलाें काे स्मार्ट बनाने के लिए स्मार्ट सिटी ने 8 महीने का लक्ष्य तय किया है। अगले साल फरवरी तक रिनाेवेशन का काम पूरा हाे जाएगा। स्मार्ट सिटी के जीएम एसके सुंदरानी ने बताया कि इन तीनों स्कूलों में शहर के बड़े प्राइवेट स्कूल जितनी सुविधाएं होंगी।
मिलेंगी ये सुविधाएं
- सभी 50 स्मार्ट क्लासरूम में प्रोजेक्टर लगाया जाएगा। इसकी मदद से स्टूडेंट्स ऑडियाे और वीडियो फॉर्मेट में पढ़ाई कर सकेंगे।
- क्लासरूम में ग्रीन बोर्ड, एसी और कम्फर्टेबल चेयर होगी।
- यहां पढ़ने वाले हर बच्चे को स्मार्टफोन दिया जाएगा, ताकि वे जरूरत पड़ने पर डिजिटली भी पढ़ाई कर सकें।
- यहां आधुनिक लाइब्रेरी होगी, जिसमें टच स्क्रीन बेस्ड दो कियोस्क होंगे। इन कियोस्क की मदद से बच्चे खुद हर तरह की किताब ढूंढ सकेंगे।
- लाइब्रेरी में लगभग 1 हजार किताबेंं रखी जाएंगी। डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा भी होगी, जिसमें हजारों किताबें पढ़ने का मौका मिलेगा।
- तीनों स्कूलों में साइंस और कंप्यूटर लैब होगी। बच्चे कंप्यूटर सीख सकेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/3-schools-of-rajdhani-doing-renovate-50-smart-classrooms-science-computer-lab-will-also-be-here-127521423.html
एक टिप्पणी भेजें