शहर के मोहन नगर और सिटी कोतवाली की पुलिस टीम ने दो चोरों को पकड़ा है। लॉकडाउन और अब अनलॉक के दौरान इन बदमाशों ने 7 दुकानों का ताला तोड़कर चोरियां की। आरोपियों के पास से 35 हजार रुपए के चिल्हर मिले हैं। सिक्कों की वजह से ही आरोपी पकड़े गए। दुकान में रखे नकद के अलावा ये चोर, पान, सिगरेट, बिस्किट, टॉफी तक को नहीं छोड़ते थे।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक चोरी की शिकायतों पर दुकानदारों से पूछताछ के दौरान एक अहम सुराग मिला। घटना स्थल के आस-पास सड़क किनारे चप्पल बेचने वाला युवक दिखने की बात पता चली। पुलिस को सलीम नाम के युवक पर शक था। जब टीम इससे पूछताछ करने पहुंची तो वह भागने लगा। उसके पास मौजूद सिक्कों का बैग छूटकर गिर गया और रुपए सड़क पर बिखर गए। ये दुकानों से चोरी किया गया चिल्हर ही था। सिक्कों की वजह से ही वह पकड़ा गया।
सलीम ने बताया कि केलाबाड़ी में रहने वाले उसके दोस्त मुश्ताक के साथ मिलकर वो इन वारदातों को अंजाम देता था। जूते की दुकान से चोरी की जाने वाली चप्पलों की दुकान लगाकर अगली दुकान में चोरी के लिए रेकी करते थे। सिकोला भाटा सब्जी मंडी, मोतीपारा स्थित मारवाड़ी स्कूल के पास इंदिरा मार्केट, वर्धमान ट्रेडिंग, साईनाथ बिस्किट भंडार, विकी मोबाइल, पूजा बूट हाउस नाम की दुकानों में इस गिरोह ने चोरियां की।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/police-team-caught-two-thieves-in-bhilai-127507851.html
एक टिप्पणी भेजें