प्रदेश में रायपुर कोरोना का नया हॉट स्पॉट बन गया है। बुधवार को राजधानी में 31 नए केस मिले और पूरे प्रदेश के मरीजों के हिसाब से रायपुर में सबसे ज्यादा मरीज हो गए हैं। वहीं प्रदेश में 84 नए मरीज मिले हैं। इस बीच एम्स में रिटायर्ड पीसीसीएफ की कोरोना से मौत हो गई। राजधानी में यह दूसरी, जबकि प्रदेश में काेराेना से 15वीं माैत है। नए केस मिलने के बाद राजभवन के पीछे स्थित पुराने पुलिस मुख्यालय परिसर में स्थित इंटेलिजेंस, पुलिस हाउसिंग और एसआईबी बिल्डिंग को कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील कर दिया गया है। पुलिस हाउसिंग के 7, एसआईबी के 1 और इंटेलिजेंस के एक स्टाफ में कोरोना पाॅजिटिव होने की पुष्टि हुई है।
इनके अलावा किर्गिस्तान से लौटे 4 मेडिकल छात्र, एम्स के एक डाॅक्टर समेत राजधानी में दूसरे दिन भी सबसे ज्यादा 31 नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा राजनांदगांव से 18, दंतेवाड़ा से 8, बालोद से 5, कोरिया व कवर्धा से 4-4, बिलासपुर व कांकेर से 3-3, बलौदाबाजार से 2, नारायणपुर, बीजापुर व मुंगेली से एक-एक संक्रमितों की पहचान की गई है। देर रात कांकेर से एक मरीज मिला है। रायपुर में पिछले दो दिन में 79 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 78 शहरी क्षेत्र व दो तिल्दा के मरीज हैं। अब प्रदेश में मरीजों की संख्या 2944 हो गई है। इसमें एक्टिव केस 625 है। बुधवार को 53 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।
अब तक प्रदेश में 2303 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिस रिटायर्ड पीसीसीएफ की मौत हुई, वे डायबिटीज से भी पीड़ित थे। रायपुर में जिन नए मरीजों की पहचान की गई है, उनमें पीएचक्यू के अलावा विदेश से आने वाले 5, दूसरे राज्य से आने वाले 2, दो ट्रैफिक पुलिस के जवान, तीन हेल्थ केयर वर्कर्स, एक मीडियाकर्मी हैं। इनके अलावा तीन मरीजों के संपर्क में आने वाले, एक गृहिणी, दो गर्भवती महिलाएं हैं। दो की पहचान नहीं हो सकी है। रायपुर में अब 374 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 157 एक्टिव केस है। जबकि एक मरीज की मौत हो चुकी है। नए मरीज हीरापुर, एम्स रेसीडेंट हाूस्टल, हाेटल उत्सव इन तेलीबांधा से 4, कृष्णानगर, भाठागांव, न्यू राजेंद्रनगर, पुजारी पार्क टिकरापारा, हांडीपारा, प्रोफेसर कॉलोनी, कालीनगर पंडरी, फाफाडीह चौक, फ्लोरल सिटी सेजबहार, बंजारी मंदिहसौद, शंकरनगर, जीवन सिटी सड्डू, भनपुरी से दो, गोपालनगर से दो, नया रायपुर, हर्षित लैंडमार्क, होटल बेबीलोन कैपिटल, दो तिल्दा से मरीज मिले हैं। किर्गिस्तान से लौटे छात्र होटल उत्सव इन में क्वारेंटाइन हैं, जबकि यूएसए से लौटा एक व्यक्ति बेबीलोन कैपिटल में क्वारेंटाइन था।
सावधानी से कोरोना से बच सकते हैं
"शहरी क्षेत्र में मरीज बढ़ने के बाद घर-घर सर्वे का काम शुरू किया गया है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। लोग लापरवाही बरत रहे हैं, जिससे लगातार संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। जरूरी सावधानी बरतें तो कोरोना से बचा जा सकता है।"
-डॉ. सुरेंद्र पामभोई, मीडिया प्रभारी कोरोना सेल
हाउसिंग बोर्ड के एमडी आईपीएस पवन देव और इंटेलिजेंस चीफ होम क्वारेंटाइन
हाउसिंग बोर्ड के एमडी और एडीजी पवन देव के साथ रायपुर आईजी आनंद छाबड़ा क्वारेंटाइन हो गए हैं। एडीजी के ड्राइवर, गन मैन के साथ घंटी ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मी पॉजिटिव मिले हैं। आईजी रायपुर और इंटेलिजेंस चीफ आनंद छाबड़ा होम क्वारेंटाइन हो गए हैं। इंटेलिजेंस चीफ के ऑफिस में घंटी ड्यूटी करने वाला स्टाफ भी कोरोना पॉजिटिव निकला है। इन अफसरों के अलावा एसआईबी के आधा दर्जन अफसर भी क्वारेंटाइन होंगे। एसआईबी दफ्तर में अफसरों के कमरों की सफाई करने वाला स्टाफ भी कोरोना पॉजिटिव हो गया है।
दूसरी ओर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसके सिन्हा ने बताया कि नए मरीजों के संपर्क में आए लोगों की पतासाजी की जा रही है। सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा गया है।
प्रदेश में सबसे ज्यादा मरीज रायपुर में
रायपुर में 31 मई तक केवल 15 मरीज थे। पिछले 31 दिनों में 359 मरीज मिल चुके हैं। इनमें जून में 309 मरीज मिले हैं। लगातार मरीज मिलने से रायपुर टॉप पर आ गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इसे खतरे की घंटी मान रहे हैं। मार्च में पहला मरीज रायपुर में मिला था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/84-new-patients-retired-pccf-dies-of-corona-9-infected-in-old-police-headquarters-127469045.html
एक टिप्पणी भेजें