अब तक कोरोना से मुक्त रहे जिला मुख्यालय में भी आखिरकार कोरोना ने दस्तक दे दी है। नैला की एक महिला जिनका इलाज रायपुर में पहले से चल रहा है। उनकीं जांच के बाद डॉक्टर्स ने कोरोना की पुष्टि कर दी है। मंगलवार को आरपीएफ चांपा के दो और जवानों काे कोरोना होने की पुष्टि हुई है।
स्टेशन रोड नैला की एक महिला जिनकी तबीयत पहले से ही खराब थी। सूत्रों के अनुसार उन्हें पहले अपोलो ले जाया गया था। जहां से उन्हें रायपुर के एक प्राइवेट अस्पताल रेफर किया गया। महिला की जांच रायपुर में ही कराई गई। सोमवार को उनकी रिपोर्ट आई जिसमें उन्हें कोविड-19 पॉजिटिव बताया गया। रायपुर के अस्पताल से जानकारी जिले के स्वास्थ्य विभाग के सीएमएचओ को दी गई। रिपोर्ट मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के नवागढ़ बीएमओ ने एसडीएम मेनका प्रधान को और पुलिस विभाग को कोविड-19 की पुष्टि होने की जानकारी दी। इसके बाद राजस्व अधिकारी एसडीएम मेनका प्रधान, एसडीओपी जितेंद्र चंद्राकर, तहसीलदार प्रकाश चंद्र साहू, नगर पालिका के अधिकारी व लोक निर्माण विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और महिला के निवास के आसपास के घरों को सील कर दिया है। उधर 4 दिन पहले चांपा के आरपीएफ जवान को कोरोना की पुष्टि हुई थी। आरपीएफ व डॉरमेट्री को सील कर दिया गया है। अन्य स्टाफ के भी सैंपल लिए गए थे। पहले 11 सैंपल लिए गए थे उनमें से कुछ की रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई।
एक किमी एरिया हुआ लॉकडाउन, दुकानें भी नहीं खुलेंगी
नैला में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के कारण जिला प्रशासन ने उस एरिया को कंटेनमेंट जाेन घोषित कर दिया है। नैला स्टेशन से लेकर नेताजी चौक की ओर आने वाली सड़क में मदन लाल अग्रवाल कपड़ा दुकान तक के एरिया को सील कर दिया गया है। इस रास्ते से कोई भी आना जाना नहीं होगा। एरिया की सभी दुकानें 28 दिनों तक बंद रहेंगी। स्टेशन जाने के लिए शारदा चौक से होकर जाना पड़ेगा।
नगर में डर, नैला की दुकानें रहीं बंद
नैला में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की सूचना से नगरवासी दहशत में है। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत ही मौके पर पहुंचकर उस एरिया को सील कर दिया है। पॉजिटिव की सूचना मिलने पर नैला के व्यापारियों ने भी अपनी दुकानें बंद कर दी। केवल जरूरी मेडिकल ही खुले रहे। संबंधित एरिया सील होने के बाद नैला के मेन रोड में युवक सक्रिय हो गए। इस दौरान कोई भी बिना मास्क लगाए आ जा रहा था उन्हें रोककर ये युवक मास्क पहनने के लिए कह रहे थे।
दिन में नहीं चलेंगी बड़ी गाड़िया- टीआई लखेश केंवट ने बताया कंटेनमेंट जोन होने के कारण नैला से कोई भी बड़ी गाड़ी दिन में नहीं निकलेगी। इन बड़ी गाड़ियों को रात में निकाला जाएगा।
रायपुर मेडिकल कॉलेज की रिपोर्ट में हुई पुष्टि
"मंगलवार को आरपीएफ के दो जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा नैला की एक महिला को कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। हमारे पास रायपुर मेडिकल कॉलेज से उनकी पॉजिटिव होने की रिपोर्ट आई है। इसके बाद ही प्रशासन को बताया गया है।''
-डॉ. एसआर बंजारे, सीएमएचओ, जांजगीर
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raigarh/janjgeer/news/two-rpf-jawans-and-a-woman-from-naila-were-found-infected-127537476.html
एक टिप्पणी भेजें