राजधानी में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन नियमित नहीं हो पाने से लोगों से यूजर चार्ज नहीं लिया जा रहा था। यूजर चार्ज 20 से 100 रुपए तक तय है जिसे अब इस महीने से वसूला जाएगा। शहर में परिसीमन के बाद कुछ वार्ड आजू-बाजू के वार्डों में बंट गए। दो-तीन वार्ड मिलकर एक नया वार्ड भी बन गया। इन वार्डों में अलग-अलग ठेकेदार हैं, लेकिन परिसीमन की वजह से ठेकेदार सभी वार्डों मेंबराबर कर्मचारी उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। ऐसे में उन वार्डों में सफाई का सिस्टम एक तरह से ठप हो गया है। कई बार शिकायत के बाद दो-तीन दिन में एक बार कुछ कर्मचारी भेजकर सफाई करवायी जा रही है। हालांकि नए ठेके की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, लेकिन वर्क आर्डर जारी नहीं किया जा रहा है।इस वजह से समस्या का स्थायी हल नहीं निकल रहा है।
मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष सूर्यकांत राठौर ने वार्डों में सफाई व्यवस्था को लेकर निगम कमिश्नर से कुछ शिकायतें की और मांग रखीं। उन्होंने कहा कि वार्डों में संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। भ्रष्टाचार मुक्त सफाई व्यवस्था के लिए कम लाभ लेने वाले ठेकेदार को ही काम दिया जाए। रामकी कंपनी के साथ अनुबंध के तहत शत-प्रतिशत कचरा उठने के बाद ही यूजर चार्ज वसूलना शुरू किया जाए। ये मांग भी रखी गई कि सभी वार्डों में रोस्टर के आधार पर जेसीबी उपलब्ध कराया जाए, ताकि सफाई में किसी तरह की दिक्कत न हो।
अभी कुछ वार्ड में ही हो रही वसूली
सभी 10 जोन में नियमित रूप से मासिक यूजर चार्ज वसूलने का आदेश जारी कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी जोन को निर्देश दिया है कि तय दरों से यूजर चार्ज लिया जाए। अभी कुछ वार्डों में वसूली हो रही है और कुछ में नहीं। व्यावसायिक इलाकों के दुकानदार शुल्क दे रहे हैं और कुछ जगहों पर शुल्क नहीं लिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष नागभूषण राव यादव ने विभाग के अफसरों को बैठक में निर्देश दिया है कि घर-घर कचरा उठाने के एवज में अनिवार्य रूप से यूजर चार्ज की वसूली की जाए। पहले लोगों को सुविधाएं दी जाएं। तब लोग खुद होकर शुल्क देंगे। बैठक में अपर आयुक्त पुलक भट्टाचार्य तथा स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. अमृत चोपडा सहित सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद थे। नागभूषण ने कहा कि सभी जोन के वार्डों में इस संबंध में मुनादी कराने की व्यवस्था की जाए। इससे लोगों को यह जानकारी होगी कि उन्हें यूजर चार्ज देना है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/now-user-charge-will-be-charged-for-cleaning-in-every-ward-127489529.html
एक टिप्पणी भेजें