संभाग मुख्यालय में दुकानों से सामान लेने आने वाले लोगों के लिए मास्क अनिवार्य किया गया है। इसके लिए नगर के व्यापारियों ने नो मास्क, नो गुड्स का निर्णय लिया। नगर निगम के साथ हुई व्यापारियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। अब शहर में बिना मास्क के आने वाले ग्राहकों को व्यापारी सामान नहीं देंगे।
मालूम हो कि स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, नगर निगम और प्रशासन की बैठक में मंगलवार और बुधवार को संपूर्ण लॉकडाउन करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में नगर निगम के अधिकारियों और व्यापारियों व चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ बैठक हुई। इसमें अधिकारियों ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सुझाव मांगे। इस दौरान व्यापारियों ने अपने सुझाव देते हुए बताया कि यदि नो मास्क, नो गुड्स का नियम अपनाया जाए तो जहां एक ओर जागरूकता बढ़ेगी।
वहीं दूसरी ओर संक्रमण से बचाव भी होगा। व्यापारियों की ओर से आए इस सुझाव का सभी व्यापारियों ने समर्थन दिया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि संभाग मुख्यालय में आने वाले सभी ग्राहकों को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। यदि कोई ग्राहक मास्क लगाकर सामान लेने नहीं आएगा तो उसे सामान नहीं दिया जाएगा। महापौर डॉ. अजय तिर्की ने बताया कि बैठक में सभी क्षेत्र के व्यापारी सम्मिलित हुए थे। इस दौरान सभी ने एकमत होकर निर्णय लिया है कि मास्क लगाकर नहीं आने वालों को सामान नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि व्यापारियों की ओर से लिया गया है, अच्छा निर्णय है। इससे लोगों में मास्क लगाने के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। रविवार को माता राज मोहनी भवन में हुई। इस बैठक में जिला प्रशासन, निगम प्रशासन के अधिकारी व जनप्रतिनिधि समेत थोक व फुटकर व्यापारी शामिल हुए।
व्यापारियों को दिए आवश्यक निर्देश
रविवार को हुई बैठक में प्रशासन ने संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी निर्देश भी दिए। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानों पर काम करते समय मास्क पहनने, सैनिटाइजर रखने और हाथों में ग्लब्स पहनने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिन दुकानों में अधिक कर्मचारी हैं। वहां सोशल डिस्टेंसिंग का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश भी दिए गए। समय पर दुकान बंद करने और दो दिन के संपूर्ण लॉकडाउन का पालन करने के भी निर्देश दिए गए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bilaspur/ambikapur/news/traders-will-adopt-no-mask-no-goods-formula-127507296.html
एक टिप्पणी भेजें