मारपीट के बाद पति की अस्पताल में मौत, पत्नी ने एसपी से की शिकायत

दशरंगपुर चौकी की पुलिस एक बार फिर आरोपों के घेरे में है। इस बार दशरंगपुर पुलिस पर एक महिला के पति के हत्यारों को बचाने का आरोप है। कार्रवाई न करने की स्थिति में पीड़ित महिला ने पुलिस अधीक्षक से लिखित में शिकायत की है।
पीड़ित महिला फुलेश्वरी मारकण्डे दशरंगपुर चौकी अंतर्गत ग्राम बाघामुड़ा की रहने वाली है। वह बताती है कि 29 जून को उसके पति दिनेश मारकण्डे काम ढूंढने के लिए अपनी मोटर साइकिल से रायपुर गए थे। लौटते समय गांव से कुछ दूर पहले गांव के ही कुछ लोग रास्ते में बैठे शराब पी रहे थे। बीच रास्ते पर खड़ी उनकी मोटर साइकिल को दिनेश की गाड़ी से टक्कर लग गई। इस पर उक्त लोगों ने शराब के नशे में दिनेश के साथ मारपीट की। पिटाई से दिनेश घायल हो गया था। जैसे-तैसे घर पहुंचा। डॉयल 112 की मदद से उसे सामुदायिक अस्पताल पिपरिया में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दिनेश की मौत हो गई। पति के मौत की शिकायत करने पीड़ित महिला दशरंगपुर चौकी पहुंची। आरोप है कि चौकी प्रभारी ने उनकी एक न सुनी, क्योंकि महिला के पति से मारपीट करने वालों में से एक कोटवार है। इस पर पीड़ित महिला ने एसपी से कार्रवाई की मांग की है।
सिर्फ आरोप के आधार पर गिरफ्तार नहीं कर सकते
चौकी प्रभारी मानसिंह का कहना है कि मामले में मर्ग कायम किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के असल कारणों का पता चलेगा। सिर्फ आरोप के आधार पर किसी की गिरफ्तारी नहीं की जा सकती है। मृतक दिनेश की दो शादी हुई है। जिसने शिकायत की है, वह मृतक की दूसरी पत्नी है। मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई जरूर होगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bhilai/bemetara/news/husband-dies-in-hospital-after-assault-wife-complains-to-sp-127482706.html

Post a Comment

और नया पुराने