सीएम भूपेश बघेल ने एक बार फिर पीएम मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मोदी की हर गतिविधि चुनावी होती है। उन्हें देश की जनता और उनकी भावनाओं से कोई मतलब नही है। चीन के मामले में मोदी झूठ न बाेलें और लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ न करें।
राजीव भवन में जिला कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में सीएम भूपेश ने कहा कि जवान तो हमारे शहीद हुए हैं और उनका ध्यान बिहार चुनाव पर था। जब सीमा पर हमला हो रहा था तब वे बिहार में सभा को संबोधित कर रहे थे। गलवान मामले में पीएम,रक्षा मंत्री, विदेश मंत्री तीनों के बयान में अंतर है। उन्हें यह साफ करना चाहिए कि झूठ कौन बोल रहा है। सीएम ने गरीब कल्याण योजना में राज्य को शामिल नहीं करने और स्थानीय भाजपा नेताओं द्वारा बयानबाजी पर कहा कि यहां के सांसदों और भाजपा नेताओं की पीएम के सामने बोलने की हैसियत नहीं है इसलिए वे यहां कुछ का कुछ बोलते हैं। हमारे राज्य में 40 फीसदी आबादी गरीब हैं, 36 लाख मनरेगा में काम कर रहे हैं सबका रिकार्ड उनके पास है। इसके बाद भी योजना में शामिल नहीं किया गया है।
निगम-मंडल हाईकमान तय करेगा : सीएम ने कहा कि निगम,मंडल, आयोगों और संसदीय सचिवों की घोषणा आलाकमान करेगी। संसदीय सचिव के मामले में हाईकोर्ट के दिशा-निर्देश के मुताबिक ही काम होगा। सीएम ने कहा कि कोल ब्लॉक नीलामी के माध्यम से हमारे राज्य के संसाधनों पर कब्जा हो रहा है। हमने भी केन्द्र को पत्र लिखकर बताया है कि केन्द्र की नई नीति से राज्य को 9 हजार 6 सौ करोड़ का नुकसान हो रहा है। उन्होने कहा कि इस मामले में वन मंत्री द्वारा भी केन्द्र को पत्र लिखा गया है।
भाजपा ने चंद्राकर को अकेला छोड़ा : सीएम ने कहा कि अजय चंद्राकर के बारे में काफी कुछ कहा जा चुका है। भाजपा इसका विरोध नहीं कर पा रही है उसने एक व्यक्ति को विरोध के लिए सामने कर दिया है। गोबर पवित्र वस्तु है। पूजा-पाठ और सभी धार्मिक काम में गोबर का उपयोग करते हैं। घर का चूल्हा भी गोबर से लीपा जाता है। इस पवित्र चीज के बारे में यदि ऐसा कहते हैं तो उसकी मानसिकता क्या होगी इसके बारे में कुछ नहीं कहना है।
सोनिया, राहुल के हाथों 22 कांग्रेस भवन का शिलान्यास : जिलाध्यक्षों की बैठक में बताया गया कि राजीव गांधी की जयंती के दिन 20 अगस्त को प्रदेश के 22 जिला मुख्यालयों में कांग्रेस भवन निर्माण का शिलान्यास कराया जाएगा। इसमें वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, सांसद राहुल गांधी आैर प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया मौजूद रहेंगे। इसके लिये राजीव भवन की तरह जन सहयोग लेने पर भी विचार किया गया। बैठक में धनेन्द्र साहू, रविन्द्र चौबे, सत्यनारायण शर्मा, छाया वर्मा, फूलोदेवी नेताम, गिरीश देवांगन, रामगोपाल अग्रवाल, चंद्रशेखर शुक्ला, राजेन्द्र तिवारी आदि शामिल हुए।
चुनाव में हार का बदला केंद्र सरकार जनता से ले रही : त्रिवेदी
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार का बदला मोदी सरकार छत्तीसगढ़ की जनता और मजदूरों से ले रही है। एनएसएसओ के आंकड़ों के आधार पर छत्तीसगढ़ में बीपीएल की संख्या 47.9 प्रतिशत है जो पूरे देश में सर्वाधिक है। इनका राष्ट्रीय औसत शहरी क्षेत्रों के लिए 13.7 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 25.7 प्रतिशत है। जबकि योजना में शामिल उड़ीसा, मध्य प्रदेश, झारखंड और बिहार का गरीबी रेखा के मामले में नंबर क्रमशः 2, 3, 4 और 5 है। त्रिवेदी ने कहा कि इस योजना में शामिल राजस्थान का गरीबी रेखा का आंकड़ा छत्तीसगढ़ के आधे से भी कम 21.7 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि भाजपा के केंद्रीय मंत्री, 11 सांसद, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय महामंत्री यह बताएं कि कि मोदी सरकार छत्तीसगढ़ की गरीब जनता से किस बात का बदला लेना चाहती है?
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/every-activity-of-modi-is-related-to-elections-no-meaning-to-people-127479193.html
एक टिप्पणी भेजें