ब्लॉक में लगातार कोरोना के मामले बढ़ते ही जा रहे है, जिसके चलते कंटेनमेंट जोन की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। पहले से ही नवागांव के ढनढनी व सिवनी-मुरकुटा कंटेनमेंट जोन घोषित थे। अब ब्लॉक के ग्राम मुरता और घोघराली में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद दोनों गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। यहां आवश्यक सेवाओं को छोड़कर आगामी आदेश तक सब कुछ बंद रहेगा। साथ ही लोगों को बेवजह घरों से बाहर निकलने पर पूर्णतः पाबंदी लगा दी गई है। बेमेतरा जिले में अब तक की स्थिति में कोरोना पॉजिटिव के कुल मामले 71, स्वस्थ यानि डिस्टार्ज हो चुके 46 और एक्टिव केस की संख्या 25 बताई गई है।
ग्राम मुरता से लगे हुए गांव कामता, कंवराकांपा, हरमुड़ी, लालपुर, कौड़िया, छितापार को भी एेहतियात के तौर पर निगरानी में रखा गया है। कंटेनमेंट जोन घोघराली के समीपस्थ ग्राम बुचीपुर, सेनगांव, रवेली, भदराली, बोरदेही और कटाई को निगरानी में रखा है।
किसी को भी घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं
कंटेनमेंट जोन के अंतर्गत अति आवश्यक वस्तुओं व सेवाओं की आपूर्ति समेत आपातकालीन स्वास्थ्य परिस्थिति को छोड़कर आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। कंटेनमेंट जोन के निवासी बिना अनुमति के अपने घरों से बाहर किसी भी परिस्थिति में नहीं निकलेंगे। साथ ही कंटेनमेंट जोन की सभी दुकानें, ऑफिस व अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठान अगले आदेश तक बंद रहेंगे। कंटेनमेंट जोन के अंतर्गत सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। यदि किसी भी प्रकार की आवश्यकता होती है, तो उसके लिए अलग से आदेश जारी किया जाएगा
घोघराली में 13 लोगों की सैंपलिंग की प्रक्रिया जारी
ग्राम मुरता कंटेनमेंट जोन के अंतर्गत 20 वार्ड को सम्मिलित किया गया है, जिसमें घरों की कुल संख्या 660 व जनसंख्या 3625 शामिल है। वहीं ग्राम घोघराली के अंतर्गत 5 वार्ड को सम्मिलित किया गया है, जिसमें 100 घरों व 600 लोगों को शामिल किया गया है। नवागढ़ एसडीएम ज्योति सिंह ने बताया कि मुरता में कोरोना संक्रमित मिले मरीज के प्राइमरी कॉन्टैक्ट में कुल 8 लोग आए हैं, जिनमें से 4 का सैम्पल जांच के लिए लिया गया है। घोघराली में पॉजिटिव मिले मरीज के घर में कुल 13 सदस्य हैं, जिनकी सैम्पलिंग की प्रक्रिया जारी है।।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bhilai/bemetara/news/now-the-containment-zone-murtala-and-ghogharali-also-started-growing-in-the-block-127482731.html
एक टिप्पणी भेजें