छत्तीसगढ़ के कवर्धा में गुरुवार देर रात ट्रक से हुई टक्कर में मेटाडोर के ड्राइवर और खलासी की मौत हो गई। हादसा सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने की चक्कर में हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों के शव मेटाडोर के केबिन में ही फंस गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकलवा सकी। हादसा रायपुर-जबलपुर नेशनल हाइवे-30 पर हुआ।
गाय को बचाने में मेटाडोर रॉन्ग साइड सड़क पर गई
जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर निवासी मेटाडोर चालक रविशंकर साहू और हेल्पर योगेश पांडेय दोनों गुरुवार को सब्जी लेकर रायपुर से सतना जा रहे थे। रात करीब 10 बजे नेशनल हाइवे- 30 पर ग्राम दुल्लापुर के पास अचानक मेटाडोर के सामने एक गाय आ गई। गाय को बचाने के लिए ड्राइवर रविशंकर ने स्टेयरिंग घुमाई तो वह मेटाडोर राॅन्ग साइड में चली गई। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से मेटाडोर का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मेटाडोर के सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। मेटाडोर के चालक और हेल्पर उसी क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मैकेनिक बुलवाकर गैस कटर से मेटाडोर का केबिन कटवाया। हादसे में ट्रक चालक असलम पिता और हेल्पर मो. सकील को मामूली चोटें आई हैं। फिलहाल दोनों जिला अस्पताल में भर्ती हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/driver-and-helper-killed-as-matador-road-accident-today-in-chhattisgarh-kawardha-127522229.html
एक टिप्पणी भेजें