अब तक बारिश से 1200 से अधिक मकान टूटे तो 50 हेक्टेयर की फसल भी हुई चौपट

जिले में दो दिन की बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया है। अब तक के आंकलन में 1200 से अधिक मकान टूटने की जानकारी सामने आई है। 840 मकानों के प्रभावितों को 41 लाख रुपए मुआवजा देने की मंजूरी प्रशासन ने दी है। ऐसा कोई गांव नहीं बचा है जहां कच्चे मकान नहीं टूटे हैं। साथ ही 50 हेक्टेयर से अधिक की फसल बर्बाद हो गई। सबसे अधिक 27 हेक्टेयर फसल पोड़ी उपरोड़ा ब्लाॅक के कुल्हरिया व बिंझरा क्षेत्र में चौपट हुई है।

नदी नालों का रेत व मिट्‌टी पटने से अब फसल ही नहीं हो पाएगी। बांकीमोंगरा क्षेत्र में 40 से अधिक मकान टूटे हैं। हरदीबाजार, पोड़ी उपरोड़ा, पाली, बरपाली, जिल्गा, नवापारा, अमलडीहा, तुमान, सोहागपुर क्षेत्र में भी कईयों के मकान टूटने से लोग बेघर हो गए।

कलेक्टर किरण कौशल ने राजस्व अमले को सर्वे कर रिपोर्ट देने कहा है। उन्हें मुआवजा दिया जाएगा। 3 महीने के बारिश सीजन में मात्र दो दिन में भी इतना नुकसान उठाना पड़ा है। हसदेव, सोन, चुइया नाला, झोरखीनाला में बाढ़ आने से आसपास के खेतों में रेत व मिट्‌टी से पट गई।

दीवार गिरने से अब छत की समस्या, काम भी बंद

वार्ड क्रमांक 13 झरनापारा निवासी आशा देवी राणा के मकान की दीवार बारिश में ढह गई। उस दौरान परिवार के लोग घर के भीतर सो रहे थे। अब तिरपाल से ढंककर रह रहे हैं। आशा ने पार्षद को आवेदन देकर नया मकान बनाने की मांग की है। अभी उसके पति का काम भी बंद चल रहा है।

अभी जमीन गीली होने से टूट रहे कच्चे मकान

हरदीबाजार। पुरानी बस्ती निवासी रोहित राठौर का मकान भी लगातार बारिश के कारण भरभराकर गिर गया। उस समय घर में कोई नहीं था इसलिए जनहानि नहीं हुई। रविवार को सरपंच प्रतिनिधि युवराज सिंह कंवर व कोटवार लखनलाल ने क्षतिग्रस्त मकानों का मुआयना कर राजस्व विभाग को इसकी जानकारी दी।

3 महीने में सामान्य की 93.07 % हो गई बारिश

जिले की सामान्य बारिश 1273.4 मिलीमीटर है। अब तक 1185.1 मिलीमीटर औसत बारिश हो चुकी है। जो कुल बारिश का 93.07 प्रतिशत है। कोरबा में सबसे अधिक 1450.4, करतला में 1291.8, कटघोरा में 1148.1, पाली में 1127.8 व पोड़ी उपरोड़ा में 907.6 मिलीमीटर बारिश हुई है।

क्षति का मुआवजा देने होगा सर्वे: कलेक्टर

कलेक्टर किरण कौशल ने कोरबा तहसील के पसरखेत, कुदमुरा, बासिन गांव में बारिश से हुई क्षति का मुआयना किया। मांड नदी के उफान पर होने से कई खेतों में पानी घुस गया, इससे भी फसल की क्षति हुई है। जिसका मुआवजा प्रकरण तैयार करने अफसरों को कहा। विभिन्न गांवों में पहुंची कलेक्टर ने किसानों को हरसंभव सहायता देने आश्वस्त किया।

फसल क्षति की मंगाई गई है रिपोर्ट : एडीओ

कृषि विभाग के एडीओ डीपीएस कंवर ने बताया कि अभी तक पोड़ी उपरोड़ा से फसल क्षति की रिपोर्ट आई है। बाकी क्षेत्रों से भी रिपोर्ट मंगाई गई है। जो खेत डूबे थे उसकी फसल खराब होने की जानकारी नहीं है। नदी नाला किनारे ही खेतों में मिट्‌टी जमा होने की जानकारी मिली है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
हरदी बाजार में भी भरभरा कर गिर गया मकान।


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bilaspur/korba/news/so-far-over-1200-houses-have-been-damaged-due-to-rain-50-hectare-crop-has-also-been-destroyed-127670421.html

Post a Comment

और नया पुराने