रविवार को महज 2 घंटे में बिलासपुर शहर में साढ़े तीन इंच से अधिक बारिश हो गई। 10 साल में 24 घंटे के भीतर तीसरी बार ज्यादा वर्षा हुई। इससे पहले अगस्त माह में 2014 वे 2019 में ज्यादा बारिश हुई थी। मानसून द्रोणिका के असर से जमकर पानी बरसा। मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी किया था। रविवार काे सुबह मौसम सामान्य था। एक दिन पहले बारिश हुई थी इसलिए मौसम ठंडा ही था। सुबह आसमान पर हल्के बादल नजर आ रहे थे। 12 बजे काली घटाओं ने आसमान को घेर लिया और बूंदाबांदी शुरू हो गई फिर तो शहर के लगभग सभी इलाकों में तेज बारिश होने लगी।
तेज बारिश के कारण जगह-जगह पानी जमा हो गया और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक 90.5 मिमी यानी साढ़े तीन इंच से अधिक बारिश हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक एक निम्न दाब का क्षेत्र झारखंड और उसके आसपास स्थित है। इसके साथ एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 7.6 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। मानसून द्रोणिका अपने सामान्य स्थिति पर बना हुआ है।
एक पूर्व- पश्चिम शियर जोन 19 डिग्री उत्तर पर स्थित है। इसके असर से अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना मौसम विभाग ने जताई थी। वहीं बिलासपुर में भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना जताई थी और वही हुआ। 17 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
चार इंच बारिश 24 जुलाई को हुई थी
24 जुलाई को महज 4 घंटे में 4 इंच बारिश बिलासपुर शहर में हुई थी। यानी 101.2 मिमी या 10 सेंटीमीटर से अधिक हो गई थी। मस्तूरी में 60.3 मिमी,बिल्हा में 5 मिमी, कोटा में 32.6 मिमी तो तखतपुर में 80 मिमी बारिश हुई थी। बिलासपुर के बाद सर्वाधिक बारिश तखतपुर में हुई।
10 वर्षों में 24 घंटे के दौरान अगस्त में बारिश
2019- 154
2018- 34.9
2017- 48.1
2016- 49.1
2015-73.7
2014-104
2013-68.6
2012-54.1
2011-77.8
2010-60.5
(बारिश मिमी)
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bilaspur/news/three-and-a-half-inches-of-rain-in-2-hours-the-third-highest-rain-within-24-hours-in-ten-years-127622923.html
एक टिप्पणी भेजें