लुटेरा चलती बाइक से मोपेड पर बैठा, मुंशी से 4.60 लाख रुपए छीनकर उसी बाइक से फरार

डीआरएम ऑफिस के सामने खमतराई ओवरब्रिज पर शनिवार देर शाम टिंबर फैक्ट्री के मुंशी कुलेश्वर से बाइक लुटेरे 4.60 लाख रुपए ले भागे। लूट भी फिल्मी तरीके से की गई। मुंशी वसूली की रकम लेकर मोपेड से फैक्ट्री जा रहा था, तभी बाइक से दो युवक उसके बराबर में आए। पीछे बैठा युवक चलती बाइक से उछलकर मुंशी की मोपेड के पीछे बैठ गया और फिर मुंशी की पीठ पर हथियार टिकाकर गाड़ी नहीं रोकने के लिए कहा। चलती गाड़ी में ही उसने साइड के बैग से रुपयों का थैला निकाला और उतर गया। फिर दौड़ता हुआ बाइक पर बैठा और लुटेरे भनपुरी की ओर भाग निकले। घबराया मुंशी फैक्ट्री पहुंचा और मालिक को वारदात के बारे में बताया।

फिर खमतराई थाने को सूचना दी गई। इसके बाद एसएसपी ने लूट की जांच के लिए आधा दर्जन टीमें बनाईं और फुटेज खंगाले जाने लगे। नाकेबंदी भी की गई पर लुटेरों का पता नहीं चला।
पुलिस ने बताया कि लूट का शिकार मुंशी कुलेश्वर साहू खमतराई के टिंबर कारोबारी भरत भाई पटेल के यहां काम करता है। वह शनिवार शाम 4 बजे फैक्ट्री से मोपेड पर वसूली के लिए निकला। उसने देवेंद्र नगर टिंबर मार्केट के दो कारोबारियों से 4.60 लाख वसूले और वापस लौट रहा था। उसने पैसे मोपेड के किनारे लगे डिक्कीनुमा बैग में रख दिए। वह खमतराई ओवरब्रिज पर चढ़ ही रहा था, तभी बाइक सवार लुटेरे अाए। दोनों मास्क पहने हुए थे। वारदात के बाद पुलिस को सूचना मिली तो भनपुरी रूट और चारों ओर सख्त नाकेबंदी की गई। पुलिस ने मुंशी को लेकर घटना को रीक्रिएट भी किया, लेकिन कोई अहम क्लू नहीं मिला है।
रेकी के बाद लूट का शक
पुलिस को शक है कि लुटेरों ने मुंशी पर नजर रखी होगी। हो सकता है कि जब वह फैक्ट्री से निकला, तभी लुटेरे उसके पीछे लग गए होंगे और वसूली करके लौटते समय उसे शिकार बना लिया। हालांकि फैक्ट्री में किसी की मिलीभगत की आशंका से भी इंकार नहीं किया गया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
प्रतीकात्मक फोटो।


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/the-robber-sat-on-a-moped-with-a-moving-bike-snatched-rs-460-lakh-from-the-scribe-and-escaped-from-the-same-bike-127599871.html

Post a Comment

और नया पुराने