खेलों को बढ़ावा देने, प्रतिभा को निखारने के लिए सरकार ने उठाए कई कदम

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल ने शनिवार को खेल दिवस पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के ख्याति प्राप्त खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों से बातचीत की। उन्होंने खिलाड़ियों को बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए अनेक कदम उठाएं है।
राज्य में खेल प्राधिकरण का गठन भी किया गया है। इसके अलावा ‘वन स्टेट-वन गेम’ के तहत केन्द्र सरकार द्वारा ऑलंम्पिक-2024 में तीरंदाजी में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रतिभाशाली तीरंदाज खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर उन्हें तैयार करने की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ राज्य को सौंपी गई है। मंत्री पटेल ने राज्य के सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को खेल दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। मंत्री पटेल ने कहा कि 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। देश के विभिन्न राज्यों में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को दिए जाने वाले पुरस्कारों को भी स्थगित किया गया है। छत्तीसगढ़ में भी कोरोना संक्रमण के कारण सुरक्षा की दृष्टि से खेल दिवस पर आयोजित होने वाले पुरस्कार अलंकरण समारोह को स्थगित रखा गया है। पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा नैसर्गिक प्रतिभा वाले युवाओं का चयन कर उन्हें प्रशिक्षण देने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
जशपुर में हॉकी के खेल को बढ़ावा देने के लिए एस्ट्रोटर्फ का काम चालू किया गया है। पाटन-मर्रा में स्टेेडियम का निर्माण किया जा रहा है। दुर्ग में जूडो एकेडमी की स्थापना की गई है। राज्य सरकार नारायणपुर में मलखम्भ को प्रोत्साहित करने के लिए वहां सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए राजीव युवा मितान क्लबों का गठन किया जा रहा है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में खेल विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, संचालक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा सहित अनेक खिलाड़ी शामिल हुए।

इन खिलाड़ियों से बात
मंत्री पटेल को दुर्ग जिले की हॉकी खिलाड़ी पद्मश्री सबा अंजुम और राजनांदगांव की रेणुका यादव, रायपुर के बैडमिंटन खिलाड़ी ईशान भटनागर, बिलासपुर के तैराक शिवाक्ष साहू और तीरंदाज ईतवारी राज, बस्तर की नबी और नारायणपुर के मलखंभ खिलाड़ी मनोज ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्तमान में संचालित खेल गतिविधियों, प्रशिक्षण आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। खेल दिवस पर वल्लभ भाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हाकी स्टेडियम रायपुर स्थित खेल संचालनालय में खेल संचालक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण किया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Government takes many steps to promote sports, improve talent: Patel


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/government-takes-many-steps-to-promote-sports-improve-talent-patel-127666573.html

Post a Comment

और नया पुराने