आरपी ब्रेवरेज, सुशील दुग्ध महासंघ व पंकज संभालेंगे कोऑपरेटिव बैंक, पुनिया की मौजूदगी में बैठक आज, एक-दो दिन में जारी होगी सूची

छत्तीसगढ़ में निगम-मंडल और आयोगों में होने वाली नियुक्तियों की दूसरी सूची एक- दो दिन में जारी हो जाएगी। इस बार जिन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी जा रही है, उनमें सुशील आनंद शुक्ला को दुग्ध महासंघ, आरपी सिंह को ब्रेवरेज कार्पोरेशन तथा पंकज शर्मा कोऑपरेटिव बैंक का चैयरमैन बनाने की तैयारी है। इस बार आने वाली सूची में महिला विधायकों को मौका दिया जा रहा है।

इनमें अनिता शर्मा और संगीता सिन्हा को हाउसिंग बोर्ड का सदस्य बनाया जा रहा है। वहीं इस बार सबसे चौंकाने वाला नाम सन्नी अग्रवाल का है जिसे सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल जैसे बड़े उपक्रम की जिम्मेदारी दी जा रही है। प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया और सीएम भूपेश की मौजूदगी में शनिवार होने वाली समन्वय समिति की बैठक में नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

इधर माना जा रहा था कि इस सूची में वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा का नाम आ सकता है लेकिन उन्होंने अपने पुत्र पंकज का नाम आगे बढ़ाया है और यदि विधायक धनेंद्र साहू कोई पद नहीं लेते तो उनके पुत्र प्रवीण का नाम भी लगभग तय है। इसी तरह विधायक अमितेश शुक्ल द्वारा भी अपने पुत्र का नाम आगे बढ़ाए जाने की चर्चा है।

दरअसल सीएम भूपेश की अध्यक्षता में एक सप्ताह पहले हुई बैठक में लगभग सभी नाम तय कर लिए गए हैं। पहली खेप में प्रदेश के 26 सरकारी उपक्रमों के पदों पर नियुक्तियां की गई थी अभी लगभग 23 उपक्रमों में नियुक्तियां शेष हैं। इस बार होने वाली नियुक्तियों में अध्यक्ष के अलावा उपाध्यक्ष और सदस्यों के नाम भी घोषित किए जाएंगे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
पीएल पुनिया (फाइल फोटो)


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/rp-braverage-sushil-dairy-federation-and-pankaj-will-handle-cooperative-bank-meeting-in-presence-of-punia-today-list-will-be-released-in-a-day-or-two-127596307.html

Post a Comment

और नया पुराने