राजधानी में गुरुवार से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने वाले और मास्क नहीं पहनने वालों को पेट्रोल पंपों से पेट्रोल-डीजल और सरकारी कंट्रोल दुकानों से राशन नहीं मिलेगा। कलेक्टर ने बुधवार रात इस आशय का आदेश जारी कर कल से ही अमल शुरू करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के बाद गुरुवार को सुबह सभी पेट्रोल पंपों पर मास्क नहीं तो पेट्रोल नहीं का बोर्ड भी लगाना होगा। अगर बिना मास्क किसी को पेट्रोल दिया गया तो ऐसे पंपों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सभी राशन दुकानदारों से भी कहा गया है कि जो मास्क पहनकर नहीं आता है, उसे राशन नहीं दिया जाए। दरअसल राजधानी से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि लोग बाजारों के साथ ही पम्पों और राशन दुकानों में भी बिना मास्क के खरीदी कर रहे हैं। दुकानदार ऐसे लोगों को सामान भी दे रहे हैं। दोनों ही जगहों पर लोगों की भीड़ रहती है, इसलिए कोरोना फैलने का खतरा भी ज्यादा है। इसलिए इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए कहा गया है। कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन ने खाद्य अफसरों से कहा है कि वे इन सभी जगहों का आकस्मिक निरीक्षण करें। उन्होंने लोगों से भी समान खरीदने के लिए मास्क पहन कर जाने की अपील की है, ताकि संक्रमण न फैले। इस काम में विभाग के अफसरों लापरवाही पाई गई तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दे दी गई है। खाद्य नियंत्रक अनुराग सिंह भदौरिया ने बताया कि गुरुवार से सभी जगहों पर इसकी सूचना चस्पा रहेगी। खाद्य निरीक्षक अलग-अलग जगहों पर जाकर इसकी जांच करेंगे। जरूरत पर पम्पों में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच होगी।
शराब दुकानों में भी सख्ती
शराब दुकानों में बिना मास्क पहनकर आने वाले लोगों को धड़ल्ले से शराब की बिक्री की जा रही है। कलेक्टर ने आदेश जारी किया है कि गुरुवार से बिना मास्क के लोगों को शराब भी नहीं बेची जाएगी। कलेक्टर ने जिले की शराब दुकानों में जाने वालों के लिए लाइन में अनिवार्य रूप से सोशल डिस्टेंस एवं मास्क पहनने के नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश सहायक आयुक्त आबकारी को दिए हैं। इस काम में दुकान का सेल्समैन लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
कई मोहल्लों में बिना काम के घर से नहीं निकलने की मुनादी
बैरनबाजार, कटोरा तालाब, बैजनाथपारा, धोबीघाट, वीरभद्र नगर, ब्राम्हणपारा और सिविल लाइन में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने की वजह से इन सभी जगहों का हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। कलेक्टर ने इन वार्डों में मुनादी करवा कर कहा है कि इन क्षेत्रों में रहने वाले लोग जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले। बिना मास्क के लोग बाहर ना निकले और हर जगह पर सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन किया जाए। इसके साथ ही लोगों को चेतावनी दी गई है कि वह नियमों का पालन नहीं करेंगे तो उन्हें ही परेशानी होगी।नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई के भी आदेश दिए गए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/if-not-mask-petrol-diesel-and-control-shops-in-the-capital-will-not-get-ration-127655898.html
एक टिप्पणी भेजें