राजधानी में आज नो-व्हीकल डे चाहता है प्रशासन

राजधानी में रविवार को टोटल लॉकडाउन रहेगा। प्रशासन की कोशिश है कि इस दौरान सड़कों पर नो-व्हीकल डे जैसी स्थिति पैदा की जाए, ताकि लोग इमरजेंसी को छोड़ घरों से नहीं निकलें। इसके लिए पुलिस और निगम अफसरों की टीम ने रविवार को सुबह से दुकानों की जांच के साथ-साथ सड़क-गलियों में घूमने वालों पर भी सख्ती करेगी। बिना वजह बाहर निकलने वाले लोगों से जुर्माना वसूल किया जाएगा। सभी जोन कमिश्नरों से कहा गया है कि अपने-अपने वार्डों में जाकर इस बात की जांच करें कि कहीं कोई दुकान खुली तो नहीं है। प्रशासन को इस बात की सूचना मिली है कि शटर गिराकर लोग कारोबार करते हैं, और घने मोहल्लों में तो बिना किसी डर के दुकानें खुल रही हैं। इसलिए ऐसे लोगों पर सख्ती बरतने के लिए कहा गया है।
बाजारों में कम हुई भीड़ : अनलॉक के दूसरे दिन बाजारों में भीड़ सामान्य हो रही है। पहले दिन की अपेक्षा दूसरे दिन शनिवार को दुकानों के बाहर लंबी-लंबी कतारें नहीं लगी। सार्वजनिक जगहों पर लोगों की ज्यादा भीड़ नहीं दिखाई दी। शहर की प्रमुख सड़कों पर स्थिति सामान्य हो रही है। दुकानदारों और आम लोगों को टाइमिंग की जानकारी होने की वजह से लोग अब जरूरत के अनुसार खरीदी के लिए तय समय में बाहर निकल रहे हैं। इससे भी बाजारों में एक साथ लोगों की भीड़ नहीं लग रही है।

967 लोगों पर कार्रवाई, दुकानें सील
लॉकडाउन खुलने के दूसरे दिन भी निगम और पुलिस अमले ने शहरभर में घूमकर जांच की। करीब हजार लोगों पर जुर्माना लगाया गया। वहीं कुछ कारोबारियों की दुकानें भी सील की गई। निगम के सभी 10 जोन क्षेत्रों में अलग-अलग प्रशासनिक अमले ने जांच की। इस दौरान कुल 967 लोगों पर कार्रवाई की गई। सोशल डिस्टेंसिंग नहीं रखने, मास्क नहीं पहनने, सड़कों पर थूकने, तय समय पर दुकानें बंद करने और अनुमति के बिना कारोबार करने वालों की जांच की गई। निगम ने सभी से 132630 रु. जुर्माना वसूला गया। जांच के दौरान जोन-9 की टीम ने टीवी टावर चौक शंकर नगर में न्यू देल्ही स्वीट्स के संचालक पर लाॅकडाउन नियम तोड़ने व बिना अनुमति दुकान चलाने पर 5000 रु. का जुर्माना लगाया।
जोन-3 की टीम ने खाना खजाना दुकान के संचालक पर इन्हीं नियमों का उल्लंघन करने पर 5000 रुपये वसूले। जोन 6 की टीम ने श्रेयांस प्लास्टिक व हार्डवेयर दुकान के संचालक पर लॉकडाउन नियम तोड़ने तथा सड़क बाधा पर 2000 रुपये जुर्माना लगाया। निगम की 40 टीमें ने शहर के मुख्य बाजार और चौकों में मास्क नहीं पहनने और सामाजिक दूरी नियम को नहीं मानने वाले लोगों को समझाइश दी। मुख्य रूप से शास्त्री बाजार, हीरापुर बाजार, हॉट बाजार, रामनगर कर्मा चौक बाजार, टाटीबंध बाजार, महोबा बाजार, तेलीबांधा बाजार, आरडीए बाजार, आमानाका बाजार, वेगन रिपेयर शॉप कॉलोनी बाजार, खमतराई बाजार, बीटीआई मैदान बाजार, राजेंद्र नगर अमलीडीह रोड बाजार, गूढीयारी पड़ाव बाजार में कार्रवाई की गई।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/administration-wants-no-vehicle-day-in-the-capital-today-127599780.html

Post a Comment

और नया पुराने