बढ़ते कोरोना के प्रभाव को कम करने के लिए जिला प्रशासन ने नगरीय क्षेत्र में तीसरी दफा लॉकडाउन लागू किया। लॉकडाउन की घोषणा के दौरान जिला प्रशासन ने इस दफा पहले से भी ज्यादा सख्ती बरतने की घोषणा की थी। लेकिन रविवार को पहले ही दिन तालाबंदी का असर मार्केट बंदी तक सीमित रहा।
पुलिस-प्रशासन के तमाम दावों के बाद भी चौक-चौराहों पर वाहनों की जमकर आवाजाही दिनभर रही।
सवारी वाहन ई-रिक्शा समेत ऑटो भी सवारी के साथ नजर आए। इतना ही नहीं गली-मोहल्लों में बच्चे क्रिकेट खेलते रहे। यहां तक वाहनों में लोग सुबह से सैर-सपाटे में निकलते देखे गए। स्थिति ऐसी रही कि प्रशासन को शाम होते-होते अपील जारी करनी पड़ी कि लॉकडाउन का पालन नहीं हुआ तो मिलने वाली 5 घंटे की राहत पर भी बंद कर दी जाएगी।
परीक्षार्थियों को प्रवेश के साथ मिलेगी आवाजाही की छूट: 30 सितंबर तक लागू लॉकडाउन के दौरान परीक्षार्थियों को विशेष छूट दी गई है। इसके तहत प्रतियोगी एवं शैक्षणिक परीक्षा शामिल होने वाले विद्यार्थी को अपने पास प्रवेशपत्र रखना अनिवार्य होगा। आवागमन के दौरान चैकिंग पाइंट पर उसकी फोटोकॉपी दिखाने पर आवाजाही की अनुमति दी जाएगी।
नियमों का पालन कराने वाले खुद कायदा तोड़ते दिखे: कलेक्टोरेट के सामने पटेल चौक को ट्रैफिक पुलिस ने बैरिकेडिंग करके वन वे कर दिया। इसकी निगरानी के लिए ट्रैफिक कर्मी की भी तैनाती की गई। इस दौरान खुद ट्रैफिक पुलिस का जवान अपनी सहूलियत के लिए डिवाइड हटाकर रास्ता पार करते देखा गया। उसकी देखा-देखी बाद में अन्य वाहन चालक भी डिवाइडर को हटाकर आवाजाही करने लगे।
लोहे की सीढ़ियों से रोका रास्ता: ग्रीन चौक दुर्ग रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने मार्ग पर बेरिकेट नहीं होने के कारण लोहे की सीढ़ी से ही रास्ता रोका। इस दौरान पूछने पर पुलिस ने बताया कि हमारे पास बेरिकेट नहीं है। पुलिस प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में जाने वाले मार्गों पर आठ जगह बेरिकेटिंग लगाने की घोषणा की थी लेकिन रविवार को मिनीमाता चौक से अंजोरा के बीच बेरिकेटिंग तो दूर पुलिस का वाहन तक नजर नहीं आया।
दिनभर शहर की सड़कों से नदारद रहे पुलिस के जवान
लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस विभाग ने तमाम दावे किए। लेकिन पहले ही दिन सुबह के समय की पुलिस की सक्रिय दिखाई। दोपहर बाद अधिकतर चौक-चौराहों पर वाहन चैकिंग से लेकर तमाम घोषित प्वाइंट से पुलिस गायब दिखी। हालांकि शाम को लोगों को जागरुक करने खुद पुलिस कप्तान प्रशांत ठाकुर ने दुर्ग सीएसपी कार्यालय से एक वाहन रैली निकालकर लोगों को घर में रहने की अपील की।
लॉकडाउन के पहले दिन 33 लोगों पर लगाया जुर्माना
सिविक सेंटर में शनिवार देर दुकानें खोलने पर 7 व्यापारियों पर कार्रवाई की। जबकि रविवार सुबह अलग-अलग जगहों परा भ्रमण करके 33 लोगों के चालन काटे। इस बीच अमला ने सब्जी व्यापारियों के साथ बैठक करके समझाइश भी दी। सेक्टर-6, 7, 8, 10 मार्केट, नेहरू नगर, वैशाली नगर, शांति नगर, गौरवपथ, घासीदास नगर, छावनी, नंदनी रोड, पावर हाउस, नेताजी सुभाष मार्केट, सर्कुलर मार्केट, जवाहर मार्केट, लिंक रोड व सुपेला मार्केट में भिलाई निगम ने 33 लोगों से 13850 का जुर्माना वसूला।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bhilai/durg/news/people-turned-out-to-play-cricket-go-for-a-walk-the-administration-said-if-people-still-do-not-improve-then-relief-will-be-stopped-for-5-hours-127738865.html
एक टिप्पणी भेजें