राजधानी में 9 नए कोरोना टेस्टिंग सेंटर, अभी 28 सरकारी, 10 निजी लैब में जांच

राजधानी में जिस तरह इसे कोरोना मरीज बढ़ रहे हैं, उसी पैमाने पर लोग भी अपना सैंपल टेस्ट कराने ज्यादा आ रहे हैं। अगले कुछ दिनों में राजधानी में 9 और सैंपल जांच केंद्र खुलने जा रहे हैं। इनमें से एनआईटी के सामने दीनदयाल उपाध्याय ऑडोटोरियम में नया सेंटर खुल गया है। इसमें लगभग 300 लोग औसतन जांच के लिए पहुंच रहे हैं। नए टेस्ट सेंटर खुलने से लक्षण वाले संदिग्ध मरीजों के साथ सामान्य टेस्ट कराने वाले व्यक्ति को अब जांच केंद्र नजदीक होने की वजह से 3-4 घंटे लाइन में नहीं रहना होगा। अफसरों ने दावा किया कि ज्यादातर सेंटर इसी हफ्ते शुरू कर दिए जाएंगे।
हेल्थ अफसरों ने बताया कि अभी रायपुर शहर और जिले को मिलकर 2440 सैंपल टेस्ट रोजाना करने का टारगेट है। जहां तक टेस्ट करवाने वालों की संख्या का सवाल है, इससे ज्यादा लोग जांच के लिए पहुंच रहे हैं। राजधानी के टेस्टिंग सेंटरों में इस वक्त घने शहर के लोगों की संख्या थोड़ी कम है, आउटर से ज्यादा लोग पहुंच रहे हैं। यही वजह है कि शहर के सभी कोविड सेंटरों में तीन-तीन घंटे की लाइन लग रही है। इसीलिए तय हुआ है कि नए जांच केंद्र शहर की अलग-अलग कॉलोनियां जो घने शहर में नहीं है, वहां के सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में खोले जाएं। यही नहीं, घने शहर के दायरे से बाहर वाले ऐसे सरकारी भवनों में सेंटर खुल रहे हैं, जो आबादी से थोड़े अलग-थलग हैं, जाने का रास्ता आसान है तथा वहां जगह भी है। सेंटर खोलने की तैयारी हो गई है। तीन-चार दिन में सभी केंद्रों में लैब तकनीशियन व अन्य सेटअप स्थापित कर दिया जाएगा।

यहां खोले जा रहे सेंटर

  • स्वास्थ्य विभाग कचना शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
  • हीरापुर
  • गोगांव
  • देवपुरी
  • मठपुरैना
  • राजातालाब
  • भाठागांव
  • कांशीराम नगर और बोरियाकला में जांच केंद्र खोलने जा रहा है। इसके अलावा तिल्दा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बंगोली और खैरखुंट स्वास्थ्य केंद्रों में भी सेंटर खोले जाएंगे। आउटर में सेंटर खोलने का आशय यही है कि सारे लोगों को कवर किया जा सके।

शहर में रोज ढाई हजार टेस्ट, नए सेंटरों से कालीबाड़ी में प्रेशर घटेगा
राजधानी में अभी 28 शासकीय केंद्रों पर कोरोना सैंपल की जांच की जा रही है। इसमें से कालीबाड़ी टीबी अस्पताल में रोजाना सबसे ज्यादा (औसतन 400-400) टेस्ट किये जा रहे हैं। नए सेंटरों में दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में भी सुबह 10 बजे से कोविड जांच शुरू कर दी गई है। जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल माना, उरला, खोखोपारा, लाभांडी, मोवा सड्डू, गुढ़ियारी, चंगोराभाठा, भनपुरी के साथ अभनपुर, आरंग,धरसींवा, तिल्दा, बिरगांव, मंदिरहसौद, रीवा, कुटेला, मनिकचौरी, चंपारण्य, खोरपा, तोरला, मांढर, दोन्देकला, सिलयारी, खिलौरा स्थित शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में कोरोना सैंपल जांच की जा रही है। रायपुर शहर में 10 निजी लैब व अस्पताल में टेस्ट किए जा रहे हैं। रोजाना जिले में करीब 2400-2500 टेस्ट किए जा रहे हैं। नए सेंटर खुलने से जांच और बढ़ेगी।

लालपुर कोविड सेंटर में मरीजों से महापौर ने फोन पर बात की
मेयर एजाज ढेबर सोमवार को लालपुर स्थित अस्थायी कोविड केयर सेंटर पहुंचे और सुविधाओं का निरीक्षण किया। मेयर ने सुविधाओं की जानकारी के लिए वहां भर्ती मरीजों को काॅल किया और पूछा कि सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं। बातचीत के बाद उन्होंने अस्पताल के डाक्टर और स्टाफ को निर्देश दिए कि मरीजों के लिए जरूरी सभी चीजें, दवाइयां हमेशा उपलब्ध रखी जाएं। उन्हें बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग यहां रोजाना भोजन की व्यवस्था भी कर रहा है। इस अस्पताल में अभी 36 पाॅजिटिव मरीज भर्ती हैं, जबकि यहां की क्षमता 70 मरीजों की है। महापौर ने वहां मौजूद निगम अफसरों को निर्देश दिए कि अस्पताल के डाक्टरों से समय-समय पर बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी लेते रहें। इससे कुछ समस्या होने पर तुरंत सुधार हो पाएगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सांइस कॉलेज ऑडिटोरियम।


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/9-new-corona-testing-centers-in-the-capital-28-in-government-10-in-private-lab-127719952.html

Post a Comment

और नया पुराने