छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने सहायक प्राध्यापक पदों के लिए आवेदन तिथि बढ़ा दी है, लेकिन एक नई परेशानी फिर से सामने आ गई हैै। आयोग ने राज्य पात्रता परीक्षा (सेट) पास करने वालों को आवेदन का अवसर दिया है। जबकि प्रदेश में सैकड़ों ऐसे उम्मीदवार भी हैं, जो सेट परीक्षा तो उत्तीर्ण हो गए हैं, लेकिन स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष की परीक्षा में अभी बैठ नहीं पाए हैं। ऐसा इसलिए हुआ है, क्योंकि कोरोना संक्रमण के चलते रविवि समेत राज्यभर के विश्वविद्यालयों ने अंतिम वर्ष या सेमेस्टर परीक्षाओं का अभी तक आयोजन नहीं किया है। मामला यहीं फंस रहा है। ऐसे सैकड़ों उम्मीदवार सहायक प्राध्यापक परीक्षा से वंचित रह जाएंगे। इस समस्या को लेकर छात्रों का एक समूह राज्यपाल, सीएम, शिक्षा मंत्री और छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को ज्ञापन सौंपकर आवेदन के लिए अवसर देने की मांग की है।
18 सितंबर तक ही आवेदन
आयोग ने सहायक प्राध्यापक पद के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया को फिर से शुरू करने का फैसला लिया है। इस बार 18 सितंबर तक ही आवेदन की अंतिम तिथि है। वहीं, रविवि ने 25 सितंबर से अंतिम वर्ष की परीक्षाएं आयोजित करने शिड्यूल जारी किया है। परीक्षा के बाद रिजल्ट आते-आते महीनेभर से अधिक का वक्त लग जाएगा। यूजीसी के नियमानुसार स्नातकोत्तर पास करने वाले उम्मीदवार ही सहायक प्राध्यापक के लिए आवेदन कर सकते हैं। बता दें की छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल द्वारा राज्य पात्रता परीक्षा 8 सितंबर 2019 को ली थी। 24 जून 2020 को इसके रिजल्ट आए। रिजल्ट में देरी की वजह से ये आवेदन प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए थे। तब इन्हें आवेदन का एक मौका दिया गया। अब स्नातकोत्तर को लेकर नई दिक्कत सामने आ गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/hundreds-of-candidates-will-be-deprived-of-recruitment-of-assistant-professors-due-to-lack-of-postgraduate-final-year-examination-127713620.html
एक टिप्पणी भेजें