बूथ मैनेजमेंट में जुटी कांग्रेस, मरकाम वर्मा ने मरवाही का मोर्चा संभाला

मरवाही उप चुनाव को लेकर कांग्रेस, भाजपा के साथ ही जोगी कांग्रेस अपनी- अपनी रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। कांग्रेस ने सत्ता के साथ ही संगठन की ताकत झोंकते हुए बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने में जुटी हुई है। पीसीसी चीफ मोहन मरकाम खुद मोर्चा संभाले हुए हैं। दूसरी तरफ, भाजपा ने अनुभवी नेता व पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल को मरवाही की कमान दे रखी है। वहीं, जोगी कांग्रेस ने अमित जोगी को उम्मीदवार बनाने के साथ दोनों दलों को पटखनी देने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। हालांकि, माना जा रहा है कि जोगी कांग्रेस सहानुभूति वोट के जरिए चुनावी वैतरणी पार करने की कोशिश में है।

सीएम के सलाहकारों ने भी किया कैंप : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के साथ सीएम के सलाहकार विनोद वर्मा और राजेश तिवारी पिछले तीन दिनों से मरवाही में कैंप करके कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं। इन तीन दिनों में सभी ने 130 बूथ के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बूथ मैनेजमेंट की चुनावी रणनीति तैयार की। इस दौरान मरकाम ने चुनाव की व्यवस्थाओं के लिए प्रभारी भी तय किए। विधायक मोहन केरकेट्टा, विधायक शैलेश पांडे, प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री अर्जुन तिवारी, महामंत्री उत्तम वासुदेव को उन्होंने उनके कार्यों को लेकर निर्देश दिए। मरकाम व दोनों नेताओं ने मारवाही ,दानीकुंडी , धमपुर , पेंड्रा , मेडिको, कोटद्वार बूथ सेक्टर और जोनल अध्यक्षों को प्रशिक्षित किया। प्रशिक्षण के दौरान बूथ प्रबंधन को लेकर राजेश तिवारी, सोशल मीडिया के बारे में विनोद वर्मा ने टिप्स दिए। मरकाम ने बघेल सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए यह कहा कि 15 साल के बाद कोई सरकार छत्तीसगढ़ियों के लिए काम कर रही है। उन्होंने बस्तर में आदिवासियों की जमीन वापस कराने, वन पट्टा, राशन कार्ड का वर्णन किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार बनने के बाद हमने दो उप चुनाव जीते। इसमें से एक सीट भाजपा से छीनी है, उसी तरह प्रदेश की 70वीं सीट मारवाही कांग्रेस को देकर मुख्यमंत्री बघेल के हाथ मजबूत करेंगे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Congress engaged in booth management, Markam Verma took charge of Marwahi


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/congress-engaged-in-booth-management-markam-verma-took-charge-of-marwahi-127745044.html

Post a Comment

और नया पुराने