गौठानों-चारागाहों के निर्माण में देरी पर मंत्री सिंहदेव नाराज, कहा- जल्द पूरा करें

नरवा, गरवा, घुरवा और बारी योजना के तहत बनाए जाने वाले गौठानों और चारागाहों के काम में तेजी लाने पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टीएस सिंहदेव ने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन गौठानों और नरवा उपचार के कामों को जल्द से जल्द पूरा करें। मंत्री सिंहदेव ने गौठान और चारागाह निर्माण के तीसरे चरण के लिए स्थल परीक्षण जल्द करने और अन्य प्रक्रियाओं को पूरा कर कार्ययोजना बनाने के लिए कहा। जिला पंचायत के सीईओ एवं अन्य अफसरों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मंत्री सिंहदेव ने पंचायत विभाग के विभागीय योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान अफसरों ने बताया कि पंचायतों में पहले चरण में 1861 और दूसरे चरण में 1831 गौठानों को बनाया गया है, जबकि 1977 गौठान निर्माणाधीन हैं। चारागाह विकास के लिए पहले चरण में स्वीकृत 95 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। पंचायत मंत्री सिंहदेव ने प्रदेश के सभी नए ग्राम पंचायतों में निर्माणाधीन पंचायत भवनों के काम 31 अक्टूबर तक हर हाल में पूरा करने के लिए कहा। साथ ही धान खरीदी केंद्रों में पक्के चबूतरों के निर्माण के दूसरे चरण के लिए भी जल्द स्थल चिन्हांकन का काम पूरा कर मंजूर करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। नरवा उपचार के लिए डीपीआर जल्द तैयार करें। अफसरों ने बताया कि राजस्व क्षेत्रों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा तथा वन क्षेत्रों में वन विभाग द्वारा इसके डीपीआर तैयार किए जाएंगे।

मजदूरी के लिए समय पर जारी करें एफटीओ
सिंहदेव ने मनरेगा मजदूरी का शत प्रतिशत भुगतान करने के लिए फंड ट्रांसफर आर्डर समय पर जारी करने के लिए कहा। इस पर अफसरों ने बताया कि प्रदेश में 97 प्रतिशत मनरेगा के कामों में समयबद्ध मजदूरी भुगतान के लिए निर्धारित समय में एफटीओ जारी कर दिए गए हैं। धान खरीदी केंद्रों में पक्का चबूतरा निर्माण के पहले चरण में मनरेगा में स्वीकृत 4640 चबूतरे बना लिए गए हैं। साथ ही सभी जिलों में दूसरे चरण में चबूतरा निर्माण के कामों को स्वीकृत करने की तैयारी है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/minister-singhdev-angry-over-delay-in-construction-of-gothan-pastures-said-complete-soon-127745003.html

Post a Comment

और नया पुराने