12 घंटे में 3 हादसे, 2 की मौत, कांकेर के आबकारी निरीक्षक सहित 5 घायल

जिले में वाहनों की रफ्तार पर रोक नहीं लगा पा रही है। नतीजतन दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बीते 48 घंटे में सड़क हादसे में 8 लोगों की जान गई। बीते 12 घंटे यानी शनिवार रात 9 बजे से रविवार सुबह 8 बजे के बीच 3 सड़क हादसे में 2 मौत व 5 घायल हुए। 2 हादसे रविवार को सुबह करीब 8 बजे नगरी ब्लॉक में दुगली व नगरी थाना क्षेत्र में हुए।

इनमें 1 युवक की मौत व 4 घायल है। शनिवार को नेशनल हाईवे पर बालोदगहन के पास बेकाबू कार सड़क किनारे खड़ी हाईवा से टकराई। इसमें चारामा शराब दुकान के सेल्समैन की मौत हो गई। कांकेर के आबकारी निरीक्षक घायल हो गए।

कार के अंदर फंसा था सेल्समैन, घंटेभर जाम रहा हाईवे: गुरूर पुलिस के मुताबिक नेशनल हाईवे पर शनिवार रात करीब 9 बजे बालोदगहन के पास हादसा हुआ। सड़क किनारे खड़ी हाईवा से बेकाबू कार पीछे से जा टकराई। कंडक्टर साइड बैठे चारामा शराब दुकान के सेल्समैन विजय मंडावी (24) कांकेर किरबोली निवासी बुरी तरह कार में ही फंस गए। कार चला रहे कांकेर के आबकारी निरीक्षक रविशंकर पैकरा के सिर पर चोट आई।

दोनों को शहर के निजी अस्पताल लाया। डॉक्टरों ने विजय को मृत घोषित कर दिया। आबकारी अधिकारी को इलाज के बाद रविवार को अस्पताल से छुट्‌टी दी गई। यह हादसा हाईवे पर बीच सड़क पर हुआ। इसलिए दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी। घंटेभर हाइवे जाम रहा।

दोस्त के ससुराल जा रहे युवक की हुई मौत

यह हादसा रविवार को सुबह करीब 8 बजे का है। रायपुर अम्लीडीह निवासी रूपेश जोशी अपने साथी के साथ ससुराल गोरेगांव नगरी जा रहा था। दुगली थाना क्षेत्र के कन्या परिसर के पास अज्ञात ट्रक टक्कर मारकर भाग गया। रूपेश जोशी को गंभीर चोट आई है। साथी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

बोलेरो चालक बाइक को टक्कर मारकर भागा

रविवार को सुबह करीब 8 बजे एक बोलेरो ने बाइक सवार 3 युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में गोरेगांव निवासी सचिन साहू (19), दिनेश चिंडा (42) और फरसिंया निवासी भूपेश मरकाम (22) को गंभीर चोट आई। ग्रामीणों ने तीनों को नगरी अस्पताल में भर्ती कराया। सचिन और भूपेश को ज्यादा चोट आने के कारण धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया। परिजन ने यहां से शहर के निजी अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया है। फरार बोलेरो चालक काे पकड़ने के लिए पुलिस जांच कर रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सड़क किनारे खड़े हाइवा से टकराने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/dhamtari/news/3-accidents-2-killed-in-12-hours-5-injured-including-excise-inspector-of-kanker-127963624.html

Post a Comment

और नया पुराने