छत्तीसगढ़ के जांजगीर में गुंडागर्दी करना पूर्व पार्षद के भाई को भारी पड़ गया। दो युवकों ने दीपावली की रात उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। दोनों युवक ताश पत्ती से रमी खेल रहे थे, इसी दौरान पूर्व पार्षद का भाई उनसे झगड़ा करने पहुंच गया। घटना के बाद दोनों आरोपी भाग निकले। बताया जा रहा है कि पूर्व पार्षद का भाई मोहल्ले में गुंडागर्दी करता था। मामला चांपा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, बेलदार पारा में दीपावली की रात दो युवक करीम और विक्का ताश पत्ती से रमी खेल रहे थे। इसी दौरान वार्ड 19 की पार्षद सुनीता दास का जेठ व पूर्व पार्षद मंगल दास महंत का बड़ा भाई समारू दास (50) वहां पहुंच गया। रमी खेलने को लेकर उसका करीम व विक्का से विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि दोनों युवकों ने शराब की बोतलों से उसके सिर पर वार कर दिया।
आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद सामने आया मामला
लगातार सिर पर बोतलों के वार से समारू दास की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी वहां से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस को मौके से ताश के पत्ते बरामद हुए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद यह कहानी सामने आई और आरोपियों की पहचान हुई है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
निगरानीशुदा बदमाश था पूर्व पार्षद का भाई
पुलिस ने बताया कि मारा गया पूर्व पार्षद का भाई समारू दास महंत निगरानीशुदा बदमाश था। उसके खिलाफ थाने में 21 मामले दर्ज हैं। मोहल्ले के लोग उससे परेशान थे। ऐसे ही पिछले साल चांपा में ही दीपावली की रात आशुतोष देवांगन की भी हत्या हुई थी। वह भी गुंडागर्दी करता था और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/former-councilor-elder-brother-murdered-in-gambling-dispute-in-chhattisgarh-janjgir-127917726.html
एक टिप्पणी भेजें