छत्तीसगढ़ चैंबर का चुनाव इस बार लोकसभा चुनाव की तर्ज पर लड़ा जाएगा। कोरोना की वजह से इस बार सभी 29 जिलों में मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। छोटे और कम वोटरों वाले दो-तीन जिलों को मिलाकर एक जगह पर मतदान कराया जाएगा। चैंबर में 17 हजार से ज्यादा सदस्य होने की वजह से मतदान एक हफ्ते से भी ज्यादा समय तक चलेगा। सबसे आखिर में रायपुर में वोटिंग कराई जाएगी। इसके लिए निर्वाचन अधिकारियों ने जिलों का दौरा शुरू कर दिया है। सभी जिलों में मतदान के बाद मतपेटियां रायपुर लाई जाएंगी। मत पेटियां इकट्ठा करने में एक से दो दिन का समय लग सकता है, इसलिए इन पेटियों को सुरक्षित रखने के लिए स्ट्रांग रूम बनाया जाएगा। इसकी सुरक्षा के लिए निजी गार्ड तैनात किए जाएंगे। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक वोटिंग का काम दिसंबर के आखिरी हफ्ते तक पूरा करवा लिया जाएगा। चैंबर की चुनावी तारीख दिवाली के बाद घोषित हो सकती है। फिलहाल सभी जिलों में वोटिंग के लिए शासकीय कर्मचारियों की भी मदद ली जाएगी। इसके लिए वहां के लोकल व्यापारियों को जिम्मेदारी दे दी गई है। अलग-अलग दिनों में वोटिंग होने की वजह से सभी दावेदार प्रचार-प्रसार के लिए वहां जा भी सकते हैं। उम्मीदवारों को मौका मिलने की वजह से मतदान के समीकरण भी बदलते रहेंगे।
दावेदारी करने का आज आखिरी दिन
एकता पैनल से उम्मीदवारी करने के लिए आवेदन देने का आज आखिरी दिन है। 5 नवंबर के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। अध्यक्ष के लिए अभी तक योगेश अग्रवाल, विनय बजाज, राधाकिशन संुदरानी, लालचंद गुलवानी, रमेश गांधी, राजेंद्र जग्गी, चंदर विधानी और किशोर आहूजा समेत 9 लोगों ने आवेदन किया है। पैनल के प्रवक्ता ललित जैसिंघ ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया है। इसलिए उन्होंने आवेदन नहीं किया। इसी तरह महामंत्री पद के लिए अरविंद जैन, राजेश वासवानी, चंदर विधानी समेत कई ने आवेदन किया है।
जग्गी ने बुधवार को मशीनरी एसोसिएशन की बैठक लेकर सभी सदस्यों के समर्थन का दावा किया तो आहूजा ने आवेदन देते समय शक्ति प्रदर्शन किया। चैंबर चुनाव के लिए व्यापारी एकता पैनल से योगेश अग्रवाल की दावेदारी मजबूत हो रही है। उन्होंने भी बुधवार को दावेदारों की बैठक लेकर एक सुर में फैसला किया कि उम्मीदवार जो भी होगा सभी उसके पक्ष में प्रचार करेंगे। इधर दूसरी ओर चर्चा है कि पैनल के वरिष्ठ सदस्य पूरनलाल अग्रवाल चैंबर के बड़े व्यापारी नेताओं से नाराज हैं। उनके पुत्र प्रकाश अग्रवाल को इस बार के चुनाव में किनारे किया जा रहा है। इसी से वे खफा हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/voting-in-chamber-election-districts-on-the-lines-of-lok-sabha-elections-counting-of-votes-in-the-capital-127884628.html
एक टिप्पणी भेजें