बस्तर में दिख रहा निवार चक्रवात का असर अगले एक-दो दिन में हल्की बारिश के आसार

जैसे-जैसे ठंड बढ़ती चली जा रही है, वैसे-वैसे शहर सहित बस्तर जिला शीतलहर की चपेट में आता चला जा रहा है। तापमान में भी गिरावट होती चली जा रही है। इधर निवार चक्रवात का हल्का असर भी बस्तर पर पड़ रहा है, जिससे ठंड और बढ़ने लगी है।
इसके अलावा निवार चक्रवात के कारण बंगाल की खाड़ी से काफी मात्रा में हवा के साथ नमी आ रही है, जिसके चलते अगले एक-दो दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मंगलवार रात कड़ाके की ठंड रही।

निवार चक्रवात का सीधा असर तो नहीं लेकिन बंगाल की खाड़ी से आ रही हवा के साथ नमी
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि छत्तीसगढ़ में निवार चक्रवात का सीधा असर तो नहीं पड़ रहा, लेकिन चक्रवात के कारण बंगाल की खाड़ी से काफी मात्रा में हवा के साथ नमी आ रही है। इसके चलते गुरुवार और शुक्रवार को एक-दो जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ ही गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं। उन्होंने बताया कि बस्तर संभाग में एक-दो जिलों में बारिश हो सकती है।

मंगलवार की रात तापमान 11.5 डिग्री पर पहुंचा
बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य 28.2 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान में सामान्य से 1 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 13.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इधर मंगलवार की रात काफी सर्द रही। रात में न्यूनतम तापमान गिरकर करीब 11.5 डिग्री पर पहुंच गया। इसके बाद बुधवार को स्थिति सामान्य हो गई। इधर हवा में नमी का प्रतिशत सुबह साढ़े 8 बजे 82 तो शाम साढ़े 5 बजे 59 प्रतिशत दर्ज किया गया है। बुधवार को शाम 5.24 बजे सूर्यास्त हो गया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/jagdalpur/news/effect-of-preventive-cyclone-seen-in-bastar-light-rain-likely-in-next-one-or-two-days-127947471.html

Post a Comment

और नया पुराने