बीएड में प्रवेश के लिए आवेदन की तारीख बढ़ायी गई। लेकिन अब आवंटन सूची में दावा-आपत्ति के लिए छात्रों को सिर्फ 6 घंटे मिलेंगे। पहले दावा-आपत्ति के लिए 4 दिन का समय दिया गया था। बीएड की 14 हजार सीटों के लिए करीब 30 हजार आवेदन मिल चुके हैं। आवेदन की आखिरी तारीख 9 दिसंबर है। तब तक आवेदकों की संख्या 35 हजार से अधिक हो जाने की संभावना है।
इससे पहले बीएड में प्रथम चरण के तहत प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख 5 दिसंबर थी। लेकिन बाद में फार्म भरने की तारीख बढ़ायी गई। इसके तहत अब 9 दिसंबर तक फार्म भरे जा रहे हैं। आवेदन में तकनीकी दिक्कतों की वजह से फार्म भरने की तारीख बढ़ायी गई। 15 दिसंबर को 11 बजे आवंटन सूची जारी होगी। इसी दिन शाम 5 बजे तक दावा-आपत्ति के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन ऑनलाइन किया जाना है लेकिन आपत्ति के लिए समय कम मिलने से छात्रों को परेशानी हो सकती है।
पहले चरण में किसे मिली सीट, 16 को आएगी लिस्ट : बीएड में प्रवेश के लिए पहले चरण में किसे सीटें दी गई है, इसकी लिस्ट 16 दिसंबर को अपराह्न 2 बजे जारी होगी। इसके अनुसार 22 तक प्रवेश होगा। 23 को खाली सीटों की जानकारी दी जाएगी। फिर प्रवेश का दूसरा चरण शुरू होगा। बीएड में प्रवेश के लिए इस बार भी तीन चरणों में काउंसिलिंग होगी। इसकी सूचना राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद से पहले ही जारी कर दी गई है।
शिक्षक भर्ती को लेकर बीएड की डिमांड अधिक
राज्य में पिछले कुछ बरसों से बीएड की डिमांड रही है। इस बार भी कुछ ऐसी ही स्थिति बनी है। शिक्षक भर्ती की संभावना को देखते हुए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इस कोर्स में दिलचस्पी ले रहे हैं। पिछली बार बीएड के लिए एंट्रेंस एग्जाम का आयोजन किया गया था। तब 50 हजार आवेदन मिले थे। इस बार भी एंट्रेंस एग्जाम के लिए आवेदन मंगाए, तब भी आवेदनों की संख्या अधिक थी। हालांकि, कोरोना संक्रमण की वजह से इस बार एंट्रेंस एग्जाम का आयोजन नहीं हुआ। इसलिए इस बार ग्रेजुएशन में मिले नंबरों के आधार पर बीएड की सीटें आवंटित की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/date-of-application-for-bed-extended-but-will-get-only-six-hours-for-objection-127994502.html
एक टिप्पणी भेजें