नया साल रौनक और खुशियां लेकर आया। 2021 के पहले ही दिन शहर के फेमस टूरिस्ट स्पॉट्स खचाखच भरे नजर आए। पुरखौती मुक्तांगन, जंगल सफारी, नंदनवन और ऊर्जा पार्क में 26 हजार 568 पर्यटक घूमने पहुंचे। ये आंकड़ा सामान्य दिनों में यहां आने वाले पर्यटकों की तुलना में 10 गुना ज्यादा है। इन चारों जगहों पर रोजाना औसतन ढाई हजार टूरिस्ट पहुंचते हैं। कोरोना महामारी के दौर में मुक्तांगन में तो पिछले साल से भी ज्यादा टूरिस्ट पहुंचे। पिछले साल यहां 1 जनवरी को 11 हजार 75 पर्यटक पहुंचे थे। वहीं, इस साल यहां 11 हजार 132 टूरिस्ट घूमने आए। बात करें शहर के बीचों-बीच स्थित टूरिस्ट स्पॉट्स की तो बूढ़ातालाब सुबह से शाम तक गुलजार नजर आया। यहां टिकट सिस्टम नहीं है, जिसके कारण पर्यटकों की सही संख्या बता पाना संभव नहीं, लेकिन यहां ड्यूटी कर रहे पुलिस जवानों के मुताबिक सुबह से रात तक लगभग 15 हजार लोग बूढ़ातालाब घूमने पहुंचे। प्ले जोन से लेकर बोटिंग एरिया तक, हर जगह भीड़ देखने मिली। नया रायपुर की सेंध लेक, गोल चौक, एकात्म पथ, रायपुर के तेलीबांधा तालाब, महादेव घाट, कटोरा तालाब सहित हर छोटे-बड़े गार्डन में हजारों लोग फ्रेंड्स और फैमिली के साथ वक्त बिताने पहुंचे। गार्डन में लोग बैडमिंटन, क्रिकेट, कबड्डी जैसे गेम्स खेलते दिखे।

कोविड गाइडलाइन फॉलो करवाते दिखी पुलिस, मास्क और थर्मल स्क्रीनिंग पर जाेर
रायपुर और नया रायपुर के ज्यादातर टूरिस्ट स्पॉट्स पर पुलिस जवान तैनात नजर आए। सिक्योरिटी गार्ड और पुलिस टीम कोविड गाइडलाइन फॉलो करवाने में जुटे रहे। ऊर्जा पार्क के प्रबंधक संतोष कुमार ने बताया कि पिछले साल की अपेक्षा इस साल ज्यादा पर्यटक आए। कोविड गाइडलाइन फॉलो करवाने के लिए प्राइवेट गार्ड के साथ पुलिस के जवान तैनात किए गए थे। उपसंचालक संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग जेआर भगत और सहायक कलाकार रामशरण प्रजापति ने बताया कि मुक्तांगन में मास्क लगाने के बाद ही लोगों को एंट्री दी गई। थर्मल स्क्रीनिंग भी की गई। गार्डन एरिया में सोशल डिस्टेंसिंग फॉलो करवाने के लिए पुलिस और प्राइवेट गार्ड्स की ड्यूटी लगाई गई थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/26-thousand-568-tickets-sold-at-four-spots-buzzing-throughout-the-day-128076589.html
एक टिप्पणी भेजें