सतीश चंद्राकर, उमेश निवल, शशि कुमार ।लॉकडाउन के दौर में बंद रहीं छत्तीसगढ़ और झारखंड की स्टील फैक्टरियों में काम फिर से पटरी पर लौटने लगा है। भिलाई स्थित सेल के प्लांट समेत छत्तीसगढ़ की 90 फीसदी स्टील फैक्टरियों में काम शुरू हो गया है। झारखंड में भी टाटा स्टील प्लांट समेत तमाम छोटी बड़ी यूनिट ने काम शुरू कर दिया है। स्टील फैक्टरियों के काम शुरु करने से दूसरी औद्योगिक गतिविधियां भी तेजी पकड़ रही हैं। मालूम हो, देश के कुल स्टील उत्पादन में से एक चौथाई इन दोनों राज्यों में ही होता है। सरकार की ओर से जारी दिशानिर्देश के बाद छत्तीसगढ़ में अप्रैल के अंतिम सप्ताह से ही स्टील कंपनियों ने उत्पादन शु्रू कर दिया था। हालांकि, फिलहाल सभी निजी कंपनियां 50% उत्पादन क्षमता के साथ ही काम कर रही हैं।
देश में स्टील इंडस्ट्री
- 10.6करोड़ टन होता है स्टील का उत्पादन देश में हर साल
- 02स्थान पर है भारत दुनिया में स्टील उत्पादन के क्षेत्र में
- 01स्थान है झारखंड का स्टील उत्पादन में देश में
- 04स्थान छत्तीसगढ़ का स्टील उत्पादन के क्षेत्र में
छत्तीसगढ़ में देश की सबसे बड़ी स्टील कंपनी सेल की सबसे बड़ी इकाई भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) सहित लगभग 600 स्टील फैक्टरियां हैं, जिनमें स्पंज आयरन, फर्नेंस और रोलिंग मिलें शामिल हैं। इनमें छोटी कील से लेकर रेल पटरी तक का निर्माण होता है। उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्विन गर्ग के अनुसार प्रदेश की निजी स्टील कंपनियों में बनने वाले 80% प्रोडक्ट्स की बिक्री अन्य राज्यों में की जाती है। महाराष्ट्र, दिल्ली, दक्षिण भारत, मध्यप्रदेश, ओडिशा और गुजरात आदि प्रमुख खरीदार राज्यों में शामिल हैं।
वहीं, झारखंड में राज्य सरकार ने 27 मई से सभी उद्योगों को उत्पादन शुरू करने की अनुमति दे दी थी। इसके बाद जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील के प्लांट में 60-70% क्षमता के साथ उत्पादन शुरू हो चुका है। यहां करीब 33 हजार लोगों को रोजगार मिला हुआ है।
छत्तीसगढ़-झारखंड के लिए कितना खास स्टील
- 47,000 करोड़ से अधिक का है छग के स्टील सेक्टर का कारोबार
- 8,000 हजार करोड़ रु. राज्य व केंद्र को टैक्स के रूप में मिलता है
- 5,000 करोड़ मिलते हैं छत्तीसगढ़ की बिजली कंपनी को उद्योग से
- 10 फीसदी से अधिक का योगदान स्टील उद्योग का छग की जीडीपी में
- 8% से अधिक का योगदान स्टील उद्योग का झारखंड की जीडीपी में
जल्द पूरी क्षमता से होगा काम
"लागत नियंत्रण के लिए प्रयासों में तेजी लाने के साथ-साथ संयंत्र से राजस्व शुरू करने के लिए नए उपायों पर काम किया जा रहा है। फिलहाल, सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए न्यूनतम आवश्यक मैनपावर के साथ प्लांट में उत्पादन हो रहा है। जल्द हम पूरी क्षमता से काम शुरू करेंगे।"
-अनिर्बान दासगुप्ता, सीईओ, भिलाई स्टील प्लांट
बिजली सस्ती करे सरकार
"स्टील उद्योग को अभी 7.10 पैसे यूनिट के दर से बिजली खरीदनी पड़ रही है। इसे 5 रुपए करना चाहिए। प्लांट की बिजली की एक न्यूनतम डिमांड होती है। हम बिजली का उपयोग करें या न करे पर डिमांड चार्ज का भुगतान करना होता है। इसे माफ करना चाहिए।"
-मनीष धुप्पड़, महासचिव, छत्तीसगढ़ मिनी स्टील प्लांट एसोसिएशन
जून में होगा 80 फीसदी उत्पादन
"अप्रैल व मई में 50 फीसदी से अधिक उत्पादन किया। चीन समेत अन्य देशों से हमने मई तक पांच लाख टन से अधिक के निर्यात का आर्डर बुक किया है नेपाल से भी आर्डर आने शुरु हो गए हैं। इस माह में पिछले वर्ष की इसी अवधि के मुकाबले 80 फीसदी उत्पादन करने लगेंगे।"
-अनिल कुमार चौधरी, अध्यक्ष, सेल
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/steel-industry-returning-back-on-track-90-plant-started-currently-production-with-50-capacity-127379908.html
एक टिप्पणी भेजें