पंडरिया ब्लॉक के ग्राम सोढ़ा क्वारेंटाइन सेंटर में एक ही परिवार के 3 सदस्य कोराेना पॉजिटिव पाए गए हैं । इनमें चार साल की बच्ची भी शामिल है। ये तीनों 23 जून को यानी 4 दिन पहले ही गुड़गांव (हरियाणा) से लौटे थे और गांव के क्वारेंटाइन सेंटर में रुके थे। जिस दिन ये अपने गांव पहुंचे थे, उसी दिन इनका सैंपल लेकर जांच के लिए एम्स रायपुर भेजा गया था।
शुक्रवार शाम को एम्स रायपुर से जारी जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. गौरव परिहार ने तीनाें के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की। मरीजों को इलाज के लिए कोविड केयर सेंटर कबीरधाम में रखा जाएगा। डॉ. परिहार ने बताया कि पॉजिटिव मिले परिवार के सदस्यों में एक 54 वर्ष की महिला है। उसका 24 वर्षीय पुत्र और 4 साल की नातिन है। खास बात यह है कि पॉजिटिव मिले युवक की पत्नी थी इनके साथ गुड़गांव से आई है। वह भी क्वारेंटाइन में थी, उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। कबीरधाम जिले में अब तक कोरोना के 95 केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 86 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। शुक्रवार को ही 6 मरीज डिस्चार्ज हुए। 3 नए केस मिले। जिले में अब एक्टिव केस की संख्या 9 हो गई है।
गांव को किया सील, पुलिस बल तैनात
कोरोना पॉजिटिव मिलने पर ग्राम सोढ़ा को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं। गांव में लोगों को घरों से बाहर न निकलने मुनादी कराई गई। साथ ही उन्हें गांव से बाहर जाने के लिए भी मना किया। वहीं गांव पहुंचने के रास्ते पर पुलिस ने बेरीकेड्स लगा दिए हैं। ताकि कोई बाहरी व्यक्ति गांव में न आए।
कमकावाड़ा में 13 वर्षीय बालक संक्रमित
बेमेतरा| शुक्रवार को जिले में साजा ब्लाक के ग्राम कमकावाड़ा में 13 वर्षीय बालक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है । इस बात की पुष्टि स्वास्थ विभाग की जिला नोडल अधिकारी डॉ. ज्योति जसाठी ने की। उन्होंने बताया कि 16 जून को दुर्ग स्थित शंकराचार्य हॉस्पिटल में बच्चे के पेट में सूजन आने पर उसे भर्ती कराया गया था। जांच में बालक के लीवर में बीमारी के साथ ही पेट में पानी भर जाने की जानकारी हुई। इसी बीच शंकराचार्य के डॉक्टर ने 23 जून को बालक का कोरोना टेस्ट कराया और 26 जून की सुबह दवा देकर डिस्चार्ज कर दिया। 26 जून की दोपहर ही शंकराचार्य हॉस्पिटल को बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव होने की जानकारी मिली। सूचना बेमेतरा सीएमएचओ कार्यालय में दी गई। स्वास्थ्य टीम ने घर पहुंचकर बच्चे को एम्स रायपुर भेज दिया।
सदस्यों का भी सैंपल ले रहे
डॉ. ज्योति जसाठी ने बताया कि मरीज के ट्रैवल हिस्ट्री सिर्फ इतनी है कि उसे इलाज के लिए घर और गांव से शंकराचार्य हॉस्पिटल दुर्ग ले जाया गया था। जहां उसे भर्ती भी रखे थे। संपर्क में आए परिवार के सदस्यों का सैंपल ले रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/kawardha/news/three-members-of-the-same-family-were-found-corona-positive-127452120.html
एक टिप्पणी भेजें