कोविड-19 कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए स्कूल बंद कर दिए गए हैं। केवल ऑनलाइन क्लासेस जारी है। ऐसे में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को नि:शुल्क किताबें और ड्रेस का वितरण करने के लिए शिक्षक घर-घर दस्तक देंगे। वितरण की रिपोर्ट 20 अगस्त तक देनी होगी।
लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से इसके आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। खबर है कि पाठ्यपुस्तक निगम की ओर से संकुल स्तर पर किताबें पहुंचा दी गई हैं। अब संकुल प्रभारी स्कूलवार किताबों को पहुंचाने का काम करेंगे। इसके बाद संस्था प्रमुख बच्चों की दर्ज संख्या के हिसाब से वितरण के लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगाएंगे।
सामाजिक दूरी का पालन करेंगे: शिक्षक सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए घर-घर पहुंचकर किताबें और ड्रेस का वितरण करेंगे। लॉकडाउन में शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं के घर-घर जाकर मध्याह्न भोजन का सूखा राशन का वितरण किया था। बताया गया कि इसी तरह ही पाठ्यपुस्तकों के वितरण की तैयारी की जा रही है।
ड्रेस नहीं पहुंची
राजनांदगांव बीईओ एनके पंचभावे ने बताया कि डीपीआई से मिले निर्देश के बाद पुस्तक वितरण की तैयारी कर रहे हैं। संकुल प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीईओ ने बताया कि ड्रेस की खेप नहीं पहुंची है। सप्लाई होते ही इसका भी वितरण घर-घर जाकर करेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bhilai/rajnandgaon/news/books-and-dress-will-be-given-free-to-the-students-by-reaching-home-127567843.html
एक टिप्पणी भेजें