जिले में लगातार कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ते ही जा रही है। रविवार को भी जिले में सात नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। रविवार को आई रिपोर्ट में जिला मुख्यालय को थोड़ी सी राहत मिली है। रविवार को शहर के अंदर से एक भी संक्रमित मरीज की पुष्टि नहीं हुई है। जिला मुख्यालय से जो पॉजिटिव केस मिले हैं, वे सभी सीआरपीएफ के जवान हैं, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है।
रविवार को जिन नए मामलों की पुष्टि हुई है,उनमें सीआरपीएफ के जवानों के अलावा 4 नए केस पत्थलगांव तहसील के हैं। पिछले 24 घंटे में 9 मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया। उसके बाद एक्टिव केस की संख्या 83 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक मार्च में लॉकडाउन के बाद अब तक जिले से 394 कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान की जा चुकी है। इनमें से 310 मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया है, वहीं एक संक्रमित मरीज की शनिवार की सुबह मौत हो गई थी।
रविवार को जिन मरीजों की पुष्टि हुई है उन्हें अस्पताल में भर्ती करने के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। शनिवार को कोविड अस्पताल में कोरोना मरीज के मौत हो जाने के बाद कोविड अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही की बात कहा रहे थे।
अब खुले में नहीं फेकेंगे हॉस्पिटल का मेडिकल वेस्ट
जिला मुख्यालय में कोविड अस्पताल के स्थापना के बाद अस्पताल प्रबंधन को कोविड अस्पताल से निकलने वाले वेस्ट के निपटान में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोविड अस्पताल में प्रवेश करने वाले स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा उपयोग किए जाने वाले पीपीई किट का कचरा अब तक अस्पताल के पास ही खुले में जलाया जा रहा था, लेकिन अब कोविड अस्पताल के वेस्ट का खुले में निपटान वहां नहीं किया जाएगा।
जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. अनुरंजन टोप्पो ने बताया कि कोविड अस्पताल से निकलने वाले मेडिकल वेस्ट एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा उपयोग में लाए गए पीपीई किट के निपटान के लिए पोर्टेबल इंसीनरेटर मशीन मंगा ली गई है। अब इंसीनरेटर के माध्यम से ही मेडिकल वेस्ट का निपटान किया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raigarh/jashpur/news/nine-people-were-discharged-on-getting-healthy-four-including-the-baby-came-in-pathalgaon-and-3-crpf-jawans-got-infected-in-jashpur-127646704.html
एक टिप्पणी भेजें