कोरोना काल में शिक्षकों से गैर शिक्षकीय काम न लेने के सरकारी आदेश का पालन राजधानी में ही नहीं हो रहा है। उनको न सिर्फ गैर शिक्षकीय काम में लगाया जा रहा है, बल्कि अब कारण बताओ नोटिस भी जारी किया जा रहा है। रायपुर जिले में ही दो दर्जन से अधिक शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
स्कूल शिक्षा विभाग ने 8 अगस्त को आदेश जारी किया था कि शिक्षकों को गैर शिक्षकीय काम में न लगाया जाए। इसके उलट शिक्षकों की एक्टिव सर्विलांस, कांटेक्ट ट्रेसिंग और काउंसिलिंग में ड्यूटी लगा दी गई। बाद में जिला प्रशासन ने 24 अगस्त को निगम क्षेत्र के 25 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। जिला प्रशासन ने शिक्षकों से पूछा है कि एक्टिव सर्विलांस के काम में आपकी ड्यूटी लगाई गई है, जबकि वार्ड के प्रभारी अधिकारी ने आपके कार्य में अनुपस्थित होने की जानकारी दी है। यह कार्य आपदा प्रबंधन तथा एपिडेमिक एक्ट के तहत अति आवश्यक कार्य की श्रेणी में है, जिससे बिना सक्षम स्वीकृति के अनुपस्थित रहना गंभीर आपत्ति का विषय है। नगर निगम जोन 5 के इंसिडेंट कमांडर संदीप कुमार अग्रवाल ने अपने आदेश में लिखा है कि क्यों न आपके खिलाफ एपिडेमिक एक्ट के प्रावधान के तहत कार्यवाही प्रस्तावित की जाए। इस संबंध में 24 घंटे के भीतर काम पर उपस्थित होकर लिखित में अपना स्पष्टीकरण दें। इससे पहले 18 अगस्त को एसडीएम व जोन क्रमांक 8 के इंसिडेंट कमांडर यूएस अग्रवाल ने महोबा बाजार के उच्चतर माध्यमिक शाला के शिक्षक मधु सूर्यवंशी और पं. रामसहाय मिश्रा को भी काम में कोताही बरतने पर शोकॉज नोटिस जारी किया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/show-cause-notice-to-two-dozen-teachers-absent-from-duty-in-corona-127656698.html
एक टिप्पणी भेजें